यश की ‘टॉक्सिक’ की रफ्तार थमी तो बिना बड़े स्टार वाली ‘हनुमान अंश’ ने चौथे हफ्ते में ऐसा कमाल किया कि 23वें दिन अपना अब तक का सबसे बड़ा कलेक्शन कर डाला।

बॉक्स ऑफिस पर जहां यश की 'टॉक्सिक' लगातार तीन दिन से ग्रोथ के लिए तरस रही है तो वहीं, एक ऐसी फिल्म चौथे हफ्ते में आकर सुनामी बनकर दौड़ रही है, जिसमें कोई जाना-पहचाना या बड़ा चेहरा नहीं है। हम बात कर रहे हैं। हम बात कर रहे हैं डिवोशनल ड्रामा 'हनुमान अंश' की, जो 7 अगस्त को रिलीज हुई और पहले दो हफ़्तों में ऐसा लग रहा था कि यह डिजास्टर है। लेकिन तीसरे हफ्ते से इस फिल्म ने ऐसी रफ़्तार पकड़ी कि लगातार कमाई बढ़ती जा रही है। 23वें दिन इस फिल्म ने अब तक की सबसे ज्यादा कमाई की। पढ़ें हनुमान अंश की ताजा बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट...

23वें दिन कितनी हुई 'हनुमान अंश' की कमाई?

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी 'हनुमान अंश' ने 23वें दिन यानी चौथे हफ्ते के दूसरे दिन यानी चौथे शनिवार को लगभग 9.25 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। अगर 22वें दिन (चौथे शुक्रवार) से तुलना करें तो कमाई में 48 फीसदी का इजाफा हुआ है। शनिवार को यह फिल्म 4137 शो में दिखाई गई। दिलचस्प बात यह है कि रिलीज वाले दिन इस फिल्म को सिर्फ 355 शो मिले थे। यानी 23वें दिन फिल्म के शो की संख्या ओपनिंग डे के मुकाबले 11.65 गुना ज्यादा है। 23 दिन बाद इस फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 27.38 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 32.33 करोड़ रुपए हो गया है।

'हनुमान अंश' का बजट और प्रॉफिट?

'हनुमान अंश' के बजट को लेकर अलग-अलग दावे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में फिल्म की लागत 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है तो वहीं कुछ नई रिपोर्ट में इसके 2 करोड़ रुपए होने का दावा किया जा रहा है। दोनों ही सूरतों में फिल्म ब्लॉकबस्टर हो चुकी है। अगर फिल्म का बजट 10 करोड़ रुपए है तो इसका मुनाफ़ा 17 करोड़ रुपए (लगभग 170 फीसदी) हो चुका है और अगर लागत 2 करोड़ रुपए है तो 25.38 करोड़ रुपए (लगभग 1269 फीसदी) हो चुका है। 2 करोड़ के बजट के हिसाब से देखें तो फिल्म ने 23वें दिन इससे 4.6 गुना से ज्यादा कमाई की है।

'हनुमान अंश' की स्टार कास्ट कहानी

'हनुमान अंश' की कहानी नीम करोली बाबा की जिंदगी पर आधारित है। स्वयंभू मीडिया नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड और होली काऊ होम प्रोडक्शंस के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह, अनुप्रिया ए. नागर और विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में चंदन आनंद, शोभिनव सत्या, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे जैसे कलाकारों ने काम किया है।