'हनुमान अंश' 200 करोड़ पार कर चुकी है, लेकिन फिल्म ऑस्कर की रेस में शामिल नहीं हो पाई। प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने बताया कि टीम को 7 सितंबर की सबमिशन डेडलाइन की जानकारी नहीं थी।

'हनुमान अंश' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है और छह हफ्तों से सिनेमाघरों में बनी हुई है। लेकिन इसी बड़ी सफलता के बीच फिल्म को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने मेकर्स की चूक पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, 'हनुमान अंश' के पास भारत की ओर से ऑस्कर की रेस में शामिल होने का मौका था, लेकिन टीम समय पर फिल्म को सबमिट ही नहीं कर पाई। फिल्म की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने इस बारे में खुलकर बात की है।

ऑस्कर की डेडलाइन ही नहीं पता थी

बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने बताया कि ऑस्कर के लिए फिल्म भेजने की आखिरी तारीख 7 सितंबर थी। लेकिन उनकी टीम को इस डेडलाइन की जानकारी नहीं थी। बाद में कई लोगों ने उन्हें फोन करके पूछा कि फिल्म को ऑस्कर के लिए क्यों सबमिट नहीं किया गया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमारी टीम बहुत छोटी है। इस समय वो फिल्म से जुड़े कई काम एक साथ निपटा रहे हैं। इसी वजह से ऑस्कर सबमिशन पर ध्यान नहीं गया।

2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने कमाए 200 करोड़ से ज्यादा

'हनुमान अंश' की सबसे खास बात इसकी कम लागत और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म सरप्राइज ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। 37वें दिन भी इस मूवी ने 18 करोड़ से ज्यादा बॉक्स ऑफिस पर कमाई की। हाल में रिलीज हुई 'द मिर्जापुर मूवी' और 'हैवान' को भी इसने पीछे छोड़ दिया है। हर दिन की कमाई इनसे ज्यादा हो रही है।

18 सितंबर को आएगा तेलुगु वर्जन

मेकर्स अब फिल्म को तेलुगु भाषा में डब कर रहे हैं। इसका तेलुगु वर्जन 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म को विदेशों में रिलीज करना भी टीम के लिए नया अनुभव रहा। प्रोड्यूसर नम्रता सिंह और डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी दोनों के लिए यह पहली फिल्म है, इसलिए इंटरनेशनल रिलीज, सेंसर और दूसरी प्रक्रियाओं को लेकर टीम को काफी कुछ सीखना पड़ा।

और पढ़ें: Yash की ‘Toxic’ को बड़ा झटका, सिर्फ 7 दिन बाद ही थिएटर से हटी फिल्म

'हनुमान अंश' पर बनेगा वीडियो गेम

फिल्म की सफलता के बाद इसकी कहानी और दुनिया को आगे बढ़ाने की भी तैयारी हो रही है। प्रोड्यूसर के मुताबिक, 'हनुमान अंश' पर एक वीडियो गेम बनाया जा रहा है। इसके अलावा फिल्म की कहानी पर कॉमिक बुक बनाने की भी तैयारी है। इसके लिए एक बड़े कॉमिक बुक पब्लिशर से बातचीत चल रही है। वहीं, फिल्म के दूसरे पार्ट 'हनुमान अंश 2' को लेकर भी चर्चा शुरू हो चुकी है। हालांकि, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के संभावित कैमियो से जुड़ी खबरों की मेकर्स ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इसे भी पढ़ें: 37वें दिन भी 'हनुमान अंश' का बजा डंका, शनिवार को 'मिर्जापुर द मूवी' से इतने करोड़ ज्यादा कमाए