इमरान खान 16 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में FRRO के नोटिस को चुनौती देंगे। उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है, जिसे वो अदालत में चुनौती दे रहे हैं।

Imran Khan Leave India Case Update: आमिर खान के भांजे इमरान खान ने भारत छोड़ने वाले नोटिस को चुनौती देने का फैसला किया है। वे 16 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख करने वाले हैं। वह फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (FRRO) के मुंबई कार्यालय की ओर से जारी उस नोटिस को चुनौती देंगे, जिसमें उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है। इमरान खान इस मामले में अदालत से जल्द सुनवाई की मांग भी करेंगे।

क्या है इमरान का असली नाम

इमरान खान का आधिकारिक नाम इमरान खान पाल है। वह अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास भारत का ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है। 10 अक्टूबर को मुंबई पुलिस ने उन्हें एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद हिरासत में लिया था। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

FRRO ने इमरान खान को क्यों भेजा भारत छोड़ने का नोटिस?

फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर के मुंबई कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में आरोप लगाया गया है कि इमरान खान ने 'इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025' के प्रावधानों का उल्लंघन किया है। बता दें कि इमरान खान को 28 अक्टूबर तक या उससे पहले भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है। इस नोटिस के बाद अभिनेता अब कानूनी रास्ता अपनाने की तैयारी कर रहे हैं। इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और OCI कार्डधारक हैं। ऐसे में FRRO की ओर से जारी नोटिस को लेकर मामला कानूनी चर्चा में आ गया है। अभिनेता अब इस आदेश को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती देंगे।

ये भी पढ़ें : इमरान खान के पास किस देश की नागरिकता? अगले 13 दिन में क्यों मिला भारत छोड़ने का अल्टीमेटम

16 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी

इमरान खान की ओर से कानूनी चुनौती दिए जाने की पुष्टि MZM लीगल LLP के वकीलों ने की है। वकील जुल्फिकार मेमन, परवेज मेमन और चिराग नाइक के मुताबिक, वे शुक्रवार 16 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख करने की तैयारी कर रहे हैं। वकीलों के मुताबिक, अभिनेता FRRO के नोटिस को चुनौती देंगे और मामले की तत्काल सुनवाई की मांग करेंगे। इस कानूनी कदम का उद्देश्य भारत छोड़ने के निर्देश को अदालत में चुनौती देना है।

क्या है पूरा मामला

  • इमरान खान को 10 अक्टूबर को मुंबई पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने के बाद हिरासत में लिया था।
  • यह प्रोटेस्ट मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था।
  • हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। इसके बाद FRRO की ओर से भारत छोड़ने का नोटिस जारी किए जाने का मामला सामने आया।
  • अब एक्टर ने इसे हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर ली है।