Imran Khan: आमिर खान के भांजे इमरान खान को CJP प्रदर्शन से जुड़े मामले में FRRO का नोटिस मिला है। इसके तहत उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ना है। इमरान के पास किस देश की नागरिकता? आखिर क्या है पूरा मामला?

Imran Khan Explainer: आमिर खान के भांजे और बॉलीवुड एक्टर इमरान खान एक बार फिर चर्चा में हैं। आमिर खान के भांजे इमरान खान को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) की ओर से भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें अगले 13 दिनों यानी 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने के लिए अल्टीमेटम दिया गया है। यह मामला मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रोटेस्ट से जुड़ा है, जिसमें शामिल होने के बाद इमरान खान और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की थी।

किसने की थी इमरान खान की शिकायत?

  • पूर्व भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर इमरान के खिलाफ एक्शन की मांग की थी।
  • इमरान पर आरोप है कि वह विदेशी नागरिक होने के बावजूद 'कॉकरोच जनता पार्टी' के साथ मिलकर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
  • मुंबई के जॉइंट पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार शर्मा को लिखी चिट्ठी में किरीट सोमैया ने पूछा है कि क्या इमरान खान को इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की कानूनन परमिशन मिली थी?
  • सोमैया ने मुंबई पुलिस से इस केस की जांच करने और उचित कार्रवाई करने का भी आग्रह किया है।
  • एक्स पर की गई एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि इमरान खान को तत्काल देश से बाहर निकालना चाहिए।

इमरान खान के पास किस देश की नागरिकता?

  • इमरान खान का जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य के मैडिसन में हुआ था।
  • इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास भारत का ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है। वह भारतीय नागरिक नहीं हैं।
  • ऐसे में कानूनन भारत में होने वाले किसी भी प्रोटेस्ट में भागीदारी का अधिकार नहीं है।
  • रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान के खिलाफ 400 से ज्यादा एफआईआर दर्ज होने का भी दावा किया जा रहा है।

कौन हैं इमरान खान के माता-पिता?

इमरान खान के पिता अनिल पाल सॉफ्टवेयर इंजीनियर रहे हैं, जबकि उनकी मां नुजहत खान, आमिर खान की बहन हैं। इमरान के माता-पिता का बचपन में ही तलाक हो गया था। इसके बाद उनकी मां मुंबई आ गईं और उन्होंने अभिनेता राज जुत्शी से शादी कर ली। राज जुत्शी फिल्म लगान में भी नजर आए थे।

किसके साथ प्रोटेस्ट में पहुंचे थे इमरान खान?

  • इमरान खान अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन के साथ मुंबई में हुए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
  • यह प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ किया गया था। प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस ने इमरान खान और अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया था।
  • हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने सोशल मीडिया पर पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर शेयर की।
  • इसके साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।'
  • उनकी इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा। इस दौरान एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें इमरान खान पुलिसकर्मियों से 'जय हिंद' कहते सुनाई दिए।

हिरासत को लेकर इमरान खान ने क्या कहा?

  • सोशल मीडिया पर सामने आए एक अन्य वीडियो में इमरान खान ने अपनी हिरासत को लेकर हैरानी जताई।
  • उन्होंने कहा कि उन्हें वास्तव में नहीं पता कि पुलिस उन्हें वहां क्यों लेकर आई है।
  • इमरान के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल लोगों को सड़कों से उठाया और उन्हें पुलिस वैन में बैठने के लिए कहा।
  • उन्होंने बताया कि रिहा किए जाने से पहले उन्हें और दूसरे लोगों को पुलिस वैन में करीब 2 घंटे तक घुमाया गया।
  • इमरान खान ने प्रदर्शन में शामिल होने के पीछे अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत मांग नहीं है और न ही वह किसी संगठन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

'मैं किसी संगठन का हिस्सा नहीं हूं'

पुलिस वैन में बैठने से पहले इमरान खान ने प्रदर्शन में शामिल होने की वजह भी बताई थी। उन्होंने कहा, 'मेरी कोई मांग नहीं है। मेरी ऐसी कोई हैसियत नहीं है कि मैं लोगों से कुछ मांगूं। मैं किसी संगठन का हिस्सा भी नहीं हूं, इसलिए किसी के प्रतिनिधि के तौर पर बात नहीं कर रहा हूं।' इमरान खान के इस बयान से साफ है कि उन्होंने प्रदर्शन में अपनी भागीदारी को किसी संगठन की ओर से मांग रखने के बजाय व्यक्तिगत रूप से शामिल होने के तौर पर पेश किया था।