‘जेलर 2’ की वजह से चर्चा में बने हुए सुपरस्टार रजनीकांत की पढ़ाई कहां तक हुई? क्या है कभी बस कंडक्टर रहे थलाइवा की जिंदगी का वो चैप्टर जो स्कूली बच्चों को भी पढ़ाया जाता है।

रजनीकांत इन दिनों अपनी फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन सुपरस्टार की जिंदगी से जुड़ी एक बात आपको हैरान कर सकती है। पर्दे पर अपने अनोखे अंदाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले रजनीकांत का सफर कभी बस कंडक्टर की नौकरी से शुरू हुआ था। उनका असली नाम शिवाजी राव गायकवाड़ है। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने पढ़ाई की, स्कूल में नाटक किए और एक्टिंग के प्रति अपना रुझान पहचाना। दिलचस्प बात यह है कि उनकी प्रेरणादायक जीवन यात्रा सीबीएसई के स्कूली पाठ्यक्रम में भी शामिल बताई जाती है। आखिर कितने पढ़े-लिखे हैं थलाइवा?

रजनीकांत की एजुकेशन क्वालिफिकेशन क्या है?

रजनीकांत ने बेंगलुरु के गवीपुरम स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी एंड मिडिल स्कूल में पढ़ाई की। यह कन्नड़ माध्यम का स्कूल था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अंतिम परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और स्कूल में टॉपर रहे थे। इसके बाद उन्होंने बसवनगुड़ी के आचार्य पाठशाला स्कूल (एपीएस) में दाखिला लिया। इंलिश मीडियम में पढ़ाई शुरू करने पर उन्हें भाषा की परेशानी हुई, लेकिन शिक्षकों की मदद से उन्होंने इस चुनौती का सामना किया।

आचार्य पाठशाला स्कूल ने कैसे बदली रजनीकांत की जिंदगी?

स्कूल की 90वीं वर्षगांठ पर शेयर किए गए वीडियो संदेश में रजनीकांत ने अपने पुराने दिनों को याद किया था। उन्होंने बताया कि उनके भाई ने उनका दाखिला एपीएस में कराया था। रजनीकांत के मुताबिक, “आगे की बेंच पर बैठने वाले टॉपर से मैं आखिरी बेंच पर पहुंच गया।” उन्होंने बताया कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स जैसे सब्जेक्ट्स में उन्हें संघर्ष करना पड़ा।

यह भी पढ़ें : Jailer 2 Movie Review: रजनीकांत का स्वैग या कमजोर कहानी? जानें कैसी है ‘जेलर 2’?

स्कूल में हुए इंटर स्कूल प्ले कम्पटीशशंस में चांडाल की भूमिका निभाने के लिए उन्हें पहला ‘बेस्ट एक्टर’ अवॉर्ड मिला। उन्होंने कहा, “ इंटर स्कूल प्ले कम्पटीशन के दौरान मैं कहानियां सुनाता, एक्टिंग करता और अपने सहपाठियों का मनोरंजन करता था। शिक्षकों ने मुझे नाटक में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।” स्कूल की यादें साझा करते हुए उन्होंने कहा, “ये यादें मेरे मन में हमेशा ताजा रहेंगी।” उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा, “आचार्य पाठशाला हाई स्कूल ने मुझे आज का इंसान बनाया है। मुझे इस पर हमेशा गर्व रहेगा।”

रजनीकांत ने एक्टिंग की पढ़ाई कहां से की?

स्कूली शिक्षा के बाद रजनीकांत ने चेन्नई के मद्रास फिल्म इंस्टीट्यूट से एक्टिंग की पढ़ाई की। इस इंस्टीट्यूट को अब फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ तमिलनाडु के नाम से जाना जाता है। एक्टिंग की ट्रेनिंग ने उनके फिल्मी करियर की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

रजनीकांत की कहानी CBSE सिलेबस में क्यों शामिल है?

‘फ्रॉम बस कंडक्टर टू सुपरस्टार’ नाम के चैप्टर में रजनीकांत के संघर्ष, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और सफलता के बावजूद विनम्र बने रहने की बातों को उजागर किया गया है। उनकी जिंदगी का यह सफर विद्यार्थियों को सिखाता है कि साधारण शुरुआत भी बड़ी उपलब्धियों का रास्ता बन सकती है।