Imran Khan Leave India: मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड एक्टर और आमिर खान के भांजे इमरान खान को 'लीव इंडिया' नोटिस भेजा है। यानि उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। जानिए आखिर उनसे क्या भारी गलती हो गई?
मुंबई (महाराष्ट्र): मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के भांजे और एक्टर इमरान खान को 'लीव इंडिया' (भारत छोड़ो) नोटिस थमा दिया है। पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का आदेश दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान के पास अमेरिका का पासपोर्ट है। इमरान खान ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस प्रदर्शन में लोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
मुंबई पुलिस ने इमरान खान ने लिया हिरासत में
- पुलिस ने इमरान खान के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की धारा 29 और 7 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। उन पर आरोप है कि भारतीय नागरिक न होने के बावजूद उन्होंने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। मुंबई पुलिस ने शनिवार को प्रदर्शन के दौरान उन्हें हिरासत में लिया था।
- हिरासत में लिए जाने के बाद एक्टर ने पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।" इमरान ने मीडिया से कहा कि वह मुंबई के एक आम नागरिक की तरह वहां गए थे और उनकी कोई खास मांग नहीं थी।
- उन्होंने लोगों की आवाजाही पर लगी रोक और आवाज दबाए जाने पर सवाल उठाए। एक्टर ने कहा, "मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के तौर पर आया हूं। मैं इस शहर में रहता हूं। मैं बस यह देखने आया हूं कि लोगों की आजादी पर रोक क्यों लग रही है। लोगों की आवाज क्यों दबाई जा रही है? इसीलिए मैं यहां हूं।"
इमरान खान की तुरंत गिरफ्तारी के आदेश थे
- बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने इससे पहले इमरान खान की तुरंत गिरफ्तारी और उन्हें डिपोर्ट करने की मांग की थी। सोमैया ने आरोप लगाया कि इमरान ने ओसीआई (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) नियमों और वीजा शर्तों को तोड़ा है।
- सोमैया ने कहा कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान एक्टर के भाषणों और पुराने बयानों के सबूत पुलिस को सौंप दिए हैं। उन्होंने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इमरान ने गैरकानूनी राजनीतिक आंदोलन में हिस्सा लेकर अपने ओसीआई कार्ड का गलत इस्तेमाल किया है।
'इमरान खान पर 'राजनीतिक कट्टरपंथ' दिखाने का आरोप'
सोमैया ने मीडिया से बातचीत में इमरान खान पर 'राजनीतिक कट्टरपंथ' दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इमरान ओसीआई कार्ड वाले अमेरिकी नागरिक हैं, फिर भी उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होकर अपने दर्जे का गलत फायदा उठाया।
उन्होंने कहा, "भारत के लोग इमरान खान का यह राजनीतिक कट्टरपंथ बर्दाश्त नहीं कर सकते जो वह अपने हालिया प्रवास के दौरान दिखा रहे हैं। वह ओसीआई कार्ड रखने वाले एक अमेरिकी नागरिक हैं, फिर भी उन्होंने अपने दर्जे का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश की है। हमने आज पुलिस को उनके बर्ताव को लेकर सारे सबूत दे दिए हैं। इसमें प्रदर्शन के दौरान दिए गए उनके भाषण और पुरानी टिप्पणियां शामिल हैं।








