'जेलर 2' रिलीज से पहले ही बुकिंग के मामले में धूम मचा रही है। इसके साथ ही उससे जुड़े किस्से भी वायरल हो रहे हैं। इस मूवी में मिथुन चक्रवर्ती भी रजनीकांत संग नजर आएंगे, लेकिन मूवी करने से पहले उन्होंने एक शर्त रखी थी। जिसका खुलासा अब हुआ है।
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ (Jailer 2) को लेकर एक दिलचस्प खुलासा हुआ है। दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने फिल्म में काम करनेसे पहले एक अजीबो गरीब शर्त रखी थी, जिस सुनकर उनके फैंस को भी हैरानी हो सकती है। आप सोच रहे होंगे कि आखिर मिथुन ने ऐसी कौन सी शर्त रखी थी? इसका जवाब रजनीकांत ने किया है। उन्होंने बताया कि मिथुन दा नहीं चाहते थे कि वो इस फिल्म में उनके हाथों मार खाएं। आइए बताते हैं पूरी स्टोरी।
इस बात का खुलासा खुद रजनीकांत ने ‘जेलर 2’ के प्रमोशनल इवेंट में किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में मिथुन फिल्म का हिस्सा बनने को लेकर बहुत उत्साहित नहीं थे। बाद में दोनों की मुलाकात हुई और रजनीकांत के कहने पर मिथुन फिल्म करने के लिए तैयार हो गए।
रजनीकांत से क्या चाहते थे मिथुन चक्रवर्ती?
रजनीकांत के मुताबिक, जब प्रोडक्शन टीम ने मिथुन चक्रवर्ती से ‘जेलर 2’ में काम करने के लिए संपर्क किया, तो उन्होंने सबसे पहले अपने किरदार के बारे में पूछा। वह जानना चाहते थे कि उन्हें फिल्म में विलेन की भूमिका निभानी है या नहीं। मिथुन ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि अगर उन्हें रजनीकांत के हाथों पिटना पड़ेगा, तो वह फिल्म नहीं करना चाहेंगे। इसके बाद दोनों की मुलाकात WAVES समिट के दौरान हुई। वहां रजनीकांत ने जब फिल्म में काम करने की बात की, तो मिथुन तैयार हो गए, लेकिन उन्होंने अपनी शर्त भी रख दी। मिथुन की शर्त थी कि रजनीकांत का किरदार टाइगर मुथुवेल पांडियन उन्हें न तो मारे और न ही गोली चलाए। रजनीकांत ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह इस बारे में निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार से बात करेंगे।
30 साल पुरानी है रजनीकांत और मिथुन की दोस्ती
रजनीकांत और मिथुन चक्रवर्ती की दोस्ती कई दशक पुरानी है। दोनों ने साल 1989 में आई हिंदी फिल्म ‘भ्रष्टाचार’ में साथ काम किया था। इसके बाद साल 1995 की बंगाली फिल्म ‘भाग्य देवता’ में भी दोनों साथ नजर आए थे। अब ‘जेलर 2’ में उनकी जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर दिखाई देगी।
इसे भी पढ़ें: ‘जेलर 2’ की एडवांस बुकिंग में तहलका, रिलीज से पहले ही दुनियाभर में बिके इतने करोड़ के टिकट
‘जेलर 2’ में नजर आएंगे ये बड़े सितारे
जेलर 2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। यह साल 2023 में आई फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन की भूमिका निभाएंगे। मिथुन चक्रवर्ती, मोहनलाल, राम्या कृष्णन, एस. जे. सूर्या और विद्या बालन भी मूवी में शामिल हैं। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर के हाथों में है।
