'खतरों के खिलाड़ी 15' का इंतज़ार कर रहे दर्शकों को तगड़ा झटका लगा है। यह शो पहले से तय तारीख पर टेलीकास्ट नहीं होगा। यहां जानिए क्या है KKK 15 की नई प्रीमियर डेट?

रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' का इंतजार कर रहे फैंस के लिए नई अपडेट सामने आई है। पहले यह शो 25 जुलाई 2026 से शुरू होने वाला था, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट बदल दी गई है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर नया प्रोमो जारी कर शो की नई प्रीमियर डेट का ऐलान कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह फैसला मौजूदा TRP ब्लैकआउट के चलते लिया गया है। ऐसे में अब दर्शकों को शो के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। आइए जानते हैं नई रिलीज डेट, देरी की वजह और इस सीजन से जुड़ी अहम जानकारी।

'खतरों के खिलाड़ी 15' अब कब से शुरू होगा?

मेकर्स ने पुष्टि कर दी है कि 'खतरों के खिलाड़ी 15' अब 1 अगस्त 2026 से प्रसारित होगा। यह शो हर शनिवार और रविवार रात 9 बजे कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकेगा। शो का नया प्रोमो शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, "जान की बाजी लगेगी, क्योंकि डर का नया दौर शुरू होने जा रहा है! देखिए 'खतरों के खिलाड़ी 15', 1 अगस्त से, हर शनिवार-रविवार रात 9 बजे, सिर्फ कलर्स और जियो हॉटस्टार पर।

यह भी पढ़ें : देश की इकलौती बिग बजट फिल्म, जिसने पहले दिन की थी लागत से डेढ़ गुना कमाई, हुई थी 1000 करोड़ पार

'खतरों के खिलाड़ी 15' की रिलीज डेट क्यों बदली गई?

रिपोर्ट्स के मुताबिक शो को TRP ब्लैकआउट की वजह से एक सप्ताह के लिए टाल दिया गया है। दरअसल, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) को निर्देश दिया है कि वह नया लाइसेंस हासिल करने और टेलीविजन रेटिंग्स पॉलिसी 2026 के नियमों का पालन करने तक टीवी रेटिंग्स का प्रकाशन अस्थायी रूप से रोक दे। इसी वजह से कई टीवी शोज़ की रणनीति और लॉन्च प्लान प्रभावित हुए हैं।

इस बार शो में कौन-कौन से कंटेस्टेंट नजर आएंगे?

रोहित शेट्टी की मेजबानी वाले इस सीजन में कई चर्चित चेहरे स्टंट करते नजर आएंगे। कंटेस्टेंट्स की सूची में गौरव खन्ना, रुबीना दिलैक, करण वाही, रित्विक धनजानी, अविनाश मिश्रा, जैस्मिन भसीन, हर्ष गुजराल, विशाल आदित्य सिंह, अविका गौर, शगुन शर्मा, फरहाना भट्ट और सोशल मीडिया स्टार ओरी (ओरहान अवत्रामणि) शामिल हैं। इस सीजन की खास बात यह भी है कि कई पुराने 'खतरों के खिलाड़ी' कंटेस्टेंट्स की वापसी हुई है, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : 'धमाल 4' पहले दिन बनाएगी रिकॉर्ड? अजय देवगन की टॉप 10 मूवीज में इन 2 को देगी मात!

क्या टॉप-3 फाइनलिस्ट के नाम सामने आ गए हैं?

फाइनलिस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर कई दावे किए जा रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अविनाश मिश्रा, फरहाना भट्ट और रित्विक धनजानी ने टॉप-3 में जगह बनाई है, जबकि करण वाही चौथे स्थान पर रहे। वहीं दूसरी ओर कुछ रिपोर्ट्स का दावा है कि करण वाही और फरहाना भट्ट ट्रॉफी के लिए फाइनल मुकाबले में पहुंचे हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक न तो फाइनलिस्ट और न ही विजेता के नाम की आधिकारिक पुष्टि की है।