Kiara Advani Rejected Vignesh Shivan Film: फिल्ममेकर विग्नेश शिवन ने बताया कि कियारा आडवाणी ने 'कबीर सिंह' से पहले उनकी एक फिल्म ठुकरा दी थी। वह फिल्म बाद में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई।
बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच फिल्ममेकर विग्नेश शिवन ने कियारा से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाकर सबको चौंका दिया। उन्होंने बताया कि ‘कबीर सिंह’ से पहले ही उन्होंने कियारा को अपनी एक फिल्म की कहानी सुनाई थी, लेकिन एक्ट्रेस ने उस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया था। खास बात ये है कि जिस फिल्म को कियारा ने ठुकराया, वह बाद में विग्नेश की फिल्म ‘लव इंश्योरेंस कोम्पनी’ बनी और बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई।
कियारा को सुनाई थी फिल्म की कहानी
चेन्नई में ‘टॉक्सिक’ के प्रमोशनल इवेंट के दौरान विग्नेश शिवन ने कियारा के साथ हुई अपनी पुरानी मुलाकात को याद किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि वह ‘कबीर सिंह’ से काफी पहले कियारा से मिले थे और उन्हें एक कहानी सुनाई थी। विग्नेश ने कियारा की तरफ इशारा करते हुए बताया कि उन्होंने जिस कहानी को उस वक्त सुनाया था, उसी पर बाद में फिल्म बनाई गई और उसका नाम ‘लव इंश्योरेंस कोम्पनी’ रखा गया।
और पढ़ें - गोविंदा के बेटे की जॉनी लीवर की बेटी से हो रही शादी? क्या है इस खबर की सच्चाई
‘कियारा, तुम लकी हो कि तुमने नहीं की’
इस किस्से को बताते हुए विग्नेश शिवन ने खुद ही अपनी फिल्म का मजाक उड़ाया। उन्होंने कियारा से कहा कि वह लकी हैं कि उन्होंने उस फिल्म को नहीं किया। दरअसल, विग्नेश का यह कमेंट उनकी फिल्म के खराब बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर था। रिपोर्ट के मुताबिक ‘लव इंश्योरेंस कोम्पनी’ ने दुनियाभर में करीब 58 करोड़ से 66.47 करोड़ रुपये के बीच ग्रॉस कलेक्शन किया और इसे बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप माना गया। कियारा भी इस मजेदार बातचीत में शामिल हुईं और विग्नेश के सेल्फ-डिप्रिकेटिंग ह्यूमर पर माहौल काफी हल्का-फुल्का नजर आया।
जिस फिल्म को ठुकराया, उसी साल मिली ‘कबीर सिंह’
कियारा के करियर के लिहाज से देखें तो यह किस्सा काफी दिलचस्प है। विग्नेश ने उन्हें उस समय कहानी सुनाई थी, जब ‘कबीर सिंह’ उनके करियर का हिस्सा भी नहीं बनी थी। बाद में कियारा ने शाहिद कपूर के साथ ‘कबीर सिंह’ में प्रीति का किरदार निभाया और यह फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई। फिल्म की सफलता के बाद कियारा की लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ और वह बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेज में गिनी जाने लगीं। यही वजह है कि विग्नेश का ‘तुम लकी हो’ वाला मजाक अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया है।
यश की भी जमकर तारीफ की
इसी इवेंट में विग्नेश शिवन ने ‘टॉक्सिक’ के लीड एक्टर और प्रोड्यूसर यश की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने यश को अपना रोल मॉडल और आइकन बताया। विग्नेश ने कहा कि उनके लिए यश के साथ सिर्फ एक दिन काम करने का मौका मिलना भी बड़ी बात थी, लेकिन बाद में उन्हें उनके साथ ज्यादा वक्त बिताने और कई गानों पर काम करने का मौका मिला। उन्होंने यश की विनम्रता और सहयोग के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया।
‘टॉक्सिक’ में कियारा और यश की जोड़ी
बात करें ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की तो फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में यश लीड रोल में हैं, जबकि कियारा आडवाणी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की कहानी 1950 से 1970 के दौर के गोवा की पृष्ठभूमि में सेट है और इसमें क्राइम और ड्रग कार्टेल की दुनिया दिखाई गई है। फिल्म में नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत भी अहम किरदारों में हैं। ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
