Kriti Sanon Raksha Bandhan Ad Controversy: कृति सेनन के रक्षाबंधन जूलरी ऐड पर जमकर विवाद हो रहा है। इस ऐड में उनके आउटफिट पर कई सवाल उठ रहे हैं।

बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी एक जूलरी ऐड को लेकर सुर्खियों में हैं। रक्षाबंधन के मौके पर रिलीज हुए इस ऐड में कृति के लुक और कॉन्सेप्ट को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बहस छिड़ गई। कुछ यूजर्स ने उनके आउटफिट को फेस्टिव मौके के हिसाब से अनुचित बताया, तो कुछ लोगों ने ऐड में कृति के पेट डॉग को राखी बांधने पर भी सवाल उठाए। बढ़ते विवाद के बीच अब कृति सेनन ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है।

कृति के आउटफिट पर क्यों हुआ विवाद?

रक्षाबंधन थीम वाले इस जूलरी ऐड में कृति सेनन इंडो-वेस्टर्न आउटफिट में नजर आई थीं। उन्होंने ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज के साथ केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहनी थी। ऐड में वह अपने भाई को राखी बांधती दिखाई देती हैं, लेकिन उनके कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया का एक हिस्सा भड़क गया। कई लोगों ने सवाल किया कि पारंपरिक त्योहार पर इस तरह का लुक क्यों चुना गया। ऐड में कृति अपने पेट डॉग को भी राखी बांधती नजर आईं। इस हिस्से को लेकर भी कुछ यूजर्स ने आपत्ति जताई और इसे रक्षाबंधन की पारंपरिक भावना से अलग बताया। वहीं, दूसरी तरफ कई लोगों ने कृति का समर्थन करते हुए कहा कि किसी महिला के कपड़ों को उसके संस्कार या त्योहार के प्रति सम्मान का पैमाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

और पढ़ें - Raaz एक्ट्रेस मालिनी शर्मा ने क्यों छोड़ा बॉलीवुड? अब पहाड़ों में उगा रहीं सब्जियां, ऐसे करती हैं गुजारा

कंगना रनौत ने भी साधा था निशाना

विवाद तब और बढ़ गया जब एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने भी कृति के ऐड पर प्रतिक्रिया दी। कंगना ने कृति के आउटफिट पर सवाल उठाते हुए पूछा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर इस तरह के कपड़े पहनकर राखी बांधने की जरूरत क्यों है। उनके कमेंट के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस और तेज हो गई। कृति ने कंगना का नाम लिए बिना अब अपने जवाब में उन तमाम सवालों को संबोधित किया है, जो उनके कपड़ों और ऐड को लेकर उठाए जा रहे थे।

कृति सेनन ने दिया करारा जवाब

कृति ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए कहा कि त्योहार की असली भावना कपड़ों में नहीं, बल्कि उससे जुड़े जज्बात और परंपराओं में होती है। उन्होंने रक्षाबंधन को सुरक्षा और आपसी प्यार का बंधन बताते हुए कहा कि उनकी बहन और वह एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और एक-दूसरे की सेहत, खुशी और लंबी उम्र की कामना करती हैं। कृति ने यह भी बताया कि उनके लिए यह प्यार और प्रार्थना उनके डॉग्स तक भी जाती है, क्योंकि वे भी उनके परिवार का हिस्सा हैं।

‘कब तक महिलाओं को बताएंगे कि क्या पहनना है?’

कृति ने अपने बयान में सबसे अहम सवाल महिलाओं के कपड़ों को लेकर उठाया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कब तक महिलाओं को यह बताया जाता रहेगा कि उन्हें क्या पहनना चाहिए?एक्ट्रेस ने कहा कि एथनिक फैशन समय के साथ काफी बदल चुका है, लेकिन आज भी किसी महिला के अपनी संस्कृति से जुड़ाव और सम्मान को उसके कपड़ों से मापने की कोशिश की जाती है। कृति ने अपनी बात को बेहद दमदार अंदाज में खत्म करते हुए कहा कि संस्कृति और परंपराएं महिला के दिल में होती हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं। उनके इस बयान को अब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा मिल रही है।

और पढ़ें - कियारा आडवाणी ने रिजेक्ट की ये फिल्म, विग्नेश शिवन ने बताया कैसे फिल्में चुनने में लकी हैं एक्ट्रेस

सोशल मीडिया पर दो हिस्सों में बंटे लोग

कृति के ऐड को लेकर सोशल मीडिया पर राय पूरी तरह बंटी हुई है। एक तरफ यूजर्स का कहना है कि त्योहारों से जुड़े विज्ञापनों में पारंपरिक भावनाओं और भारतीय संस्कृति का ध्यान रखा जाना चाहिए। वहीं, दूसरी तरफ कृति के समर्थकों का तर्क है कि महिलाओं के कपड़ों को लेकर बार-बार नैतिकता का पैमाना तय करना सही नहीं है। यानी मामला सिर्फ एक ऐड या एक आउटफिट तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि अब यह बहस महिलाओं की पसंद, फैशन, संस्कृति और समाज की अपेक्षाओं तक पहुंच गई है।

‘कॉकटेल 2’ में नजर आई थीं कृति

वर्कफ्रंट की बात करें तो कृति सेनन हाल ही में फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में नजर आई थीं। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना लीड रोल में थे। फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। फिलहाल कृति ने अपनी अगली फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन रक्षाबंधन ऐड को लेकर दिया गया उनका बयान जरूर सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ चुका है।