Laughter Chefs Season 3 का खिताब Aly Goni और Jannat Zubair ने जीत लिया। जीत के बाद दोनों ने भावुक पोस्ट शेयर कर फैंस और शो से जुड़ी यादों के लिए आभार जताया।
कई हफ्तों तक चले कुकिंग टास्क, मस्ती और मनोरंजन के बाद Laughter Chefs Season 3 को आखिरकार अपने विजेता मिल गए। Aly Goni और Jannat Zubair की जोड़ी ने शानदार टीमवर्क और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर ट्रॉफी अपने नाम की। पूरे सीजन में दोनों की केमिस्ट्री और तालमेल को दर्शकों ने खूब पसंद किया। ग्रैंड फिनाले में जीत का ऐलान होने के बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर इस सफर को यादगार बताया। वहीं टीवी इंडस्ट्री के कई सितारों और फैंस ने उन्हें जीत की बधाई दी।
'लाफ्टर शेफ्स' जीतने के बाद अली गोनी ने क्या कहा?
ट्रॉफी के साथ तस्वीरें साझा करते हुए अली गोनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "हमने सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं जीती, बल्कि लोगों का दिल, भरोसा और हर उस मुश्किल पर जीत हासिल की जिसने हमें तोड़ने की कोशिश की। हर पल एक-दूसरे का साथ देने से लेकर सबसे आगे खड़े होने तक, यह जीत उस रिश्ते की है जो कभी नहीं टूटा। चैंपियंस... साथ थे, साथ हैं और हमेशा साथ रहेंगे।"
यह भी पढ़ें : Indian Idol 16 Winner बनीं ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक, ट्रॉफी के साथ मिली इतने लाख की रकम
जन्नत जुबैर 'लाफ्टर शेफ्स' जीतने के बाद क्या बोलीं?
जन्नत जुबैर ने भी शो की तस्वीरें शेयर करते हुए अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने लिखा "इस शो ने मुझे ऐसी यादें दी हैं जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। ऐसे लोग मिले जिन्हें मैं बहुत मिस करूंगी और ऐसे रिश्ते बने जिनके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी। आज जो महसूस कर रही हूं, उसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। इतना जरूर कहूंगी कि यह मेरे लिए सिर्फ एक शो नहीं था। आप सभी के प्यार के लिए दिल से धन्यवाद। अब तो फिर से अपने लोगों के साथ सेट पर लौटने का इंतजार है।"
अली गोनी और जन्नत जुबैर को कितनी प्राइज मनी मिली?
'लाफ्टर शेफ्स' जीतने के बाद अली गोनी और जन्नत जुबैर को ट्रॉफी सौंपी गई। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इसके लिए दोनों को किसी तरह की प्राइज मनी नहीं मिली। बताया जा रहा है कि विजेताओं को जो भी पैसा मिलना था, वह उन्हें वीकली फीस के तौर पर पहले ही मिल चुका है।
