इमरान खान की पार्टनर लेखा वाशिंगटन ने 'घर तोड़ने वाली' कहे जाने पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि ऐसे लेबल महिलाओं को नियंत्रित करने के लिए होते हैं। लेखा के अनुसार, लोग असलियत जाने बिना फैसला सुनाते हैं और वे खुद को किसी के लिए छोटा नहीं करेंगी।
Lekha Washington News: एक्टर इमरान खान और लेखा वाशिंगटन का रिश्ता अब किसी से छिपा नहीं है। दोनों काफी समय से एक स्टेबल और प्यार भरे रिश्ते में हैं। इमरान की पहली शादी अवंतिका मलिक से हुई थी, जिनसे उनकी एक बेटी भी है। अवंतिका से अलग होने के बाद जब इमरान का नाम लेखा से जुड़ा, तो लेखा को काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब हाल ही में, उन्होंने खुद को 'घर तोड़ने वाली' (homewrecker) कहे जाने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

ETimes से बात करते हुए लेखा ने कहा, “मैंने एक दशक तक साउथ में बतौर एक्टर काम किया है और दूसरा दशक आर्ट बनाने में लगाया। इस बीच, प्रेस में कुछ मुश्किल चीजें भी हुईं। मैं लंबे समय तक चुप रही, लेकिन अब मैं धीरे-धीरे बोल रही हूं। यह खुलकर सामने आने जैसा सफर रहा है। हो सकता है मेरे जैसी कोई और भी हो, जो यह देखे कि एक ऐसे कल्चर में भी आजाद महसूस करना मुमकिन है, जो अक्सर आपको एक दायरे में रहने और आपके पंख काटने को कहता है। हमारा समाज कंट्रोल करने वाला हो सकता है, लेकिन हमें इसका विरोध करना होगा। कुछ समय के लिए मैं बहुत निराश हो गई थी। लेकिन अब, मुझे आखिरकार सब कुछ साफ-साफ समझ आ रहा है।”
'घर तोड़ने वाली' कहे जाने पर क्या बोलीं लेखा?
इमरान के साथ अपने रिश्ते और भद्दे नामों से पुकारे जाने पर उन्होंने आगे कहा, "जब मैं 16 साल की थी, तब से मुझे हर तरह के नामों से बुलाया गया है - चेन्नई में बड़े होने के दौरान भी और बाद में भी। 'स्लट' और 'घर तोड़ने वाली' जैसे लेबल अक्सर महिलाओं को नीचा दिखाने और उन्हें कंट्रोल करने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। ये चीजें मुझे परिभाषित नहीं करतीं, और मैं किसी और की खुशी के लिए खुद को छोटा नहीं करूंगी। आज मैं इसी सोच पर कायम हूं। जो लोग ऐसे लेबल लगाते हैं, वे असलियत नहीं जानते। कोई भी किसी दूसरे के रिश्ते की बारीकियों को सच में नहीं समझता, तो वे फैसला कैसे सुना सकते हैं? मैं अपने काम के बारे में बात करना ज्यादा पसंद करूंगी। जब मैं अपना ओरिजिनल काम सामने रखती हूं, और उसके बाद भी लोग मुझे सिर्फ एक आदमी से नजदीकी के आधार पर आंकते हैं, तो यह मेरे बारे में नहीं, बल्कि उनकी सोच के बारे में ज्यादा बताता है।"
कैसा है दोनों का रिश्ता?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान ने लेखा को 2020 में डेट करना शुरू किया था। कहा जाता है कि COVID-19 लॉकडाउन के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए और तब से उनका रिश्ता मजबूती से चल रहा है।
