Ramayana Box Office Records: रणबीर कपूर की 'रामायण' ने 15 दिनों में ₹1,547 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर 14 बड़े रिकॉर्ड बना दिए हैं। अब इसकी नजर 'पुष्पा 2' के रिकॉर्ड पर है।

बॉक्स ऑफिस पर किसी फिल्म की कामयाबी सिर्फ करोड़ों की कमाई से नहीं मापी जाती, बल्कि यह भी देखा जाता है कि उसने कितने पुराने रिकॉर्ड बदले और कितने नए रास्ते खोले। नितेश तिवारी की 'रामायण' ने रिलीज के महज दो हफ्तों में कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की इस फिल्म ने दुनियाभर में ₹1,547.15 करोड़ का कारोबार कर लिया है। खास बात यह है कि इसका जलवा सिर्फ भारतीय सिनेमाघरों तक नहीं रहा। साउथ के बाजारों, नॉर्थ अमेरिका और IMAX स्क्रीन पर भी फिल्म ने कई नए मुकाम हासिल किए हैं। दो हफ़्तों में बने ‘रामायण’ के ये 15 रिकॉर्ड…

1. ₹1,500 करोड़ तक पहुंचने की सबसे तेज रफ्तार

'रामायण' को वर्ल्डवाइड ₹1,500 करोड़ का आंकड़ा छूने में सिर्फ 14 दिन लगे। इसी मुकाम तक पहुंचने में 'धुरंधर 2' को 16 दिन, 'पुष्पा 2' को 17 दिन और 'बाहुबली 2' को 20 दिन लगे थे। 'दंगल' ने यह आंकड़ा 30 दिनों में पार किया था।

2. भारत से ही ₹1,000 करोड़ से ज्यादा की कमाई

फिल्म ने घरेलू बाजार में ₹1,000 करोड़ ग्रॉस का आंकड़ा पार कर लिया है। ऐसा करने वाली यह छठी भारतीय फिल्म है। इससे पहले 'बाहुबली 2', 'केजीएफ चैप्टर 2', 'पुष्पा 2', 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' इस क्लब में शामिल हो चुकी हैं।

3. दुनिया की सबसे बड़ी भारतीय फिल्मों में जगह

₹1,547.15 करोड़ के वर्ल्डवाइड ग्रॉस के साथ 'रामायण' भारतीय फिल्मों की टॉप 5 कमाऊ फिल्मों में शामिल हो गई है। ₹1,500 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली यह तीसरी हिंदी फिल्म भी है। इस लिस्ट में पहले से चौथे स्थान तक क्रमशः 'दंगल', 'धुरंधर 2', 'बाहुबली 2' और 'पुष्पा 2' शामिल हैं।

4. रणबीर, साई पल्लवी और नितेश तिवारी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग

'रामायण' ने अपने तीन अहम चेहरों को करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग दी। रणबीर की फिल्म ने पहले दिन ₹64.85 करोड़ नेट कमाए और 'एनिमल' के ₹63.80 करोड़ को पीछे छोड़ दिया। साई पल्लवी के लिए भी यह उनकी पिछली ओपनिंग का रिकॉर्ड तोड़ने वाली फिल्म बनी। वहीं, नितेश तिवारी ने अपनी 'दंगल' की ₹29.78 करोड़ की ओपनिंग को पीछे छोड़ दिया।

5. दूसरे वीकेंड में सबसे बड़ा कलेक्शन

आमतौर पर फिल्मों की कमाई दूसरे वीकेंड तक धीमी पड़ने लगती है, लेकिन 'रामायण' ने इस दौरान सभी भाषाओं में ₹196 करोड़ नेट बटोर लिए। भारतीय फिल्मों के दूसरे वीकेंड का यह सबसे बड़ा कलेक्शन है। इससे पहले 'धुरंधर 2' ने ₹172.70 करोड़ कमाए थे।

6. दूसरे हफ्ते की सबसे बड़ी कमाई

दूसरे हफ्ते में 'रामायण' ने ₹299.15 करोड़ नेट कमाए। यह 'पुष्पा 2' के ₹264.80 करोड़, 'बाहुबली 2' के ₹264 करोड़ और 'धुरंधर 2' के ₹263.65 करोड़ के दूसरे हफ्ते की कमाई से भी ज्यादा है।

7. साउथ मार्केट में 200 करोड़ से ज्यादा कमाने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म

कर्नाटक, आंध्र प्रदेश-तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल साउथ के चारों बड़े मार्केट में कुल 200 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार करने वाली 'रामायण' पहली बॉलीवुड फिल्म बनी है। इसने कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम वर्जन से क्रमशः 70.15 करोड़ रुपए, 54.41 करोड़ रुपए, 41.15 करोड़ रुपए और 40.55 करोड़ रुपए की कमाई की। कुल मिलाकर साउथ मार्केट से फिल्म का नेट कलेक्शन 206.25 करोड़ रुपए हो गया है।

8.साउथ में हर वर्जन ग्रॉस कमाई में 50 करोड़ पार

रिपोर्ट्स की मानें तो कर्नाटक, आंध्र प्रदेश-तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल में अलग-अलग ₹50 करोड़ ग्रॉस कमाने वाली 'रामायण' पहली बॉलीवुड फिल्म बनी। हालांकि, इसके स्पष्ट आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं।

9. नॉर्थ अमेरिका में 'रामायण' की बड़ी छलांग

नॉर्थ अमेरिका में फिल्म का कारोबार $25 मिलियन के पार पहुंच गया है। इस आंकड़े तक पहुंचने वाली यह दूसरी बॉलीवुड फिल्म है। इस बाजार में 'रामायण' ने 'बाहुबली 2' को पीछे छोड़ दिया है, जबकि 'धुरंधर 2' $28.64 मिलियन के साथ आगे है। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में 'रामायण' यहां धुरंधर 2' को पीछे छोड़ सकती है।

10. विदेशों में सबसे तेज़ 500 करोड़ कमाने वाली भारतीय फिल्म

'रामायण' विदेशी बाज़ार में सबसे तेज़ 500 करोड़ रुपए कमाने वाली भारतीय फिल्म साबित हुई है। इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए इसे सिर्फ 13 दिन लगे थे। अब तक फिल्म वहां से 515 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है।

11. रणबीर कपूर, साई पल्लवी की सबसे कमाऊ फिल्म

‘रामायण’ रणबीर कपूर और साई पल्लवी की सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है। इससे पहले रणबीर कपूर की सबसे कमाऊ फिल्म ‘एनिमल’ थी, जिसने भारत में ₹553.87 करोड़ कमाए थे। साई पल्लवी की सबसे कमाऊ फिल्म ‘आमरण’ थी, जिसने भारत में 220.05 करोड़ रुपए कमाए थे।

12. IMAX में दुनिया की सबसे बड़ी भारतीय ओपनिंग

विदेशी सिनेमाघरों में IMAX स्क्रीन पर फिल्म के पहले वीकेंड का कारोबार करीब $6 मिलियन रहा। यह किसी भारतीय फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड IMAX ओपनिंग है।

13. भारत में भी IMAX पर नया रिकॉर्ड

देश के IMAX थिएटर्स में शुरुआती प्रदर्शन के दौरान 'रामायण' ने करीब $2 मिलियन कमाए। इस आंकड़े के साथ फिल्म भारतीय IMAX स्क्रीन पर सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज करने वाली भारतीय फिल्म बन गई।

14. BookMyShow पर टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री

ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow पर फिल्म ने एक ही दिन में करीब 16.60 लाख टिकट बेचे। यह प्लेटफॉर्म पर किसी बॉलीवुड फिल्म की एक दिन की सबसे बड़ी बिक्री है। 9 नवंबर को फिल्म की पहली सोमवार की टिकट बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर रही।

15. एक दिन में ₹100 करोड़ नेट कमाने वाली दूसरी हिंदी फिल्म

रिलीज के पांचवें दिन 'रामायण' ने भारत में ₹107.50 करोड़ नेट कमाए। इसके साथ यह एक दिन में ₹100 करोड़ नेट का आंकड़ा पार करने वाली दूसरी हिंदी फिल्म बनी। इस दिन हिंदी वर्जन का योगदान ही ₹87.25 करोड़ रहा। इससे पहले 'धुरंधर 2' यह कारनामा कर चुकी थी।

Ramayana Next Target: अब किस फिल्म का रिकॉर्ड तोड़ने निकली 'रामायण'?

दो हफ्तों में रिकॉर्ड्स की लंबी फेहरिस्त बनाने के बाद 'रामायण' के सामने अब 'पुष्पा 2' का ₹1,742 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन है। मौजूदा आंकड़े से उसे इस मुकाम तक पहुंचने के लिए करीब ₹194.85 करोड़ और कमाने होंगे। फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज अभी जारी है, इसलिए इसकी अगली उपलब्धि पर सबकी नजर रहेगी।