Nick Jonas On Daughter Malti Birth: निक जोनस ने पहली बार प्रियंका चोपड़ा और अपनी बेटी मालती के समय से पहले और बेहद नाज़ुक हालत में जन्म की कहानी शेयर की। निक उस वक्त बेहद भावुक हो गए, जब उन्होंने याद किया कि कैसे साढ़े तीन महीने बेटी अस्पताल में रही।

प्रियंका चोपड़ा के पति और हॉलीवुड सिंगर निक जोनस ने अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस के जन्म से जुड़ा एक बेहद भावुक और निजी अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि मालती का जन्म तय समय से पहले और बेहद गंभीर हालात में हुआ था। उस दौर को याद करते हुए निक की आंखें नम हो गईं। दरअसल, निक जोनस जय शेट्टी के पॉडकास्ट में बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज जब वह अपनी बेटी को खेलते-मुस्कुराते देखते हैं, तो उन्हें यकीन ही नहीं होता कि वह कितनी बड़ी जंग जीतकर यहां तक पहुंची है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अप्रैल में होना था मालती का जन्म, जनवरी में ही हो गया

निक ने पहली बार मालती के जन्म के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया, "वह बहुत मुश्किल परिस्थितियों में इस दुनिया में आई थी, जिसके बारे में मैंने पहले कभी बात नहीं की। हम सोच रहे थे कि उसका जन्म अप्रैल में होगा, लेकिन अचानक कॉल आया कि डिलीवरी पहले होगी। हम अस्पताल पहुंचे और जब उसका जन्म हुआ तो वो सिर्फ 1 पाउंड 11 औंस की थी। उसका रंग लगभग बैंगनी था।"

जन्म के बाद साढ़े तीन महीने अस्पताल में भर्ती रही मालती

निक जोनस ने आगे बताया कि जन्म के तुरंत बाद मालती को NICU (नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट) में ले जाया गया, जहां नर्सों ने उसकी जान बचाने के लिए पूरी कोशिश की। उनके मुताबिक़, वह कोविड-19 का दौर था, जिसने उनकी परिस्थितियों को और भी मुश्किल बना दिया। वे कहते हैं, "मैं और मेरी पत्नी रोज़ 12-12 घंटे अस्पताल में रहते थे। यह सिलसिला साढ़े तीन महीने तक चला। आज भी उस जगह की गंध मुझे याद है। वहां हर दिन रहना एक साथ सुकून देने वाला भी था और डराने वाला भी, क्योंकि हम दूसरी फैमिलीज़ को भी उसी दर्द से गुजरते देखते थे।"

प्रियंका-निक की बेटी मालती को 6 बार चढ़ाना पड़ा खून

निक जोनस मालती के बारे में बात करते-करते इमोशनल हो गए। उन्होंने रुंधे कंठ से कहा, "वो (मालती) हर दिन लड़ती रही। धीरे-धीरे उसका वजन बढ़ने लगा। छह बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद उसकी हालत सुधरने लगी। साढ़े तीन महीने बाद हम उसे घर ला सके। आज जब मैं उसे देखता हूं, तो हैरान रह जाता हूं कि मुझे उसकी इस जादुई दुनिया का हिस्सा बनने का मौका मिला।"

जनवरी 2022 में हुआ प्रियंका-निक की बेटी का जन्म

निक जोनस और प्रियंका चोपड़ा ने 2018 में राजस्थान में क्रिश्चियन और हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी। जनवरी 2022 में उन्होंने सरोगेसी के ज़रिए उनकी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस का जन्म हुआ।