'OMG 2' की कहानी को लेकर छिड़े विवाद पर परेश रावल ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि स्टोरी का मूल आइडिया उनका था, लेकिन उन्होंने सिर्फ क्रेडिट मांगा था, पैसे नहीं।
अक्षय कुमार स्टारर 'OMG 2' एक बार फिर सुर्खियों में है। वजह फिल्म की कहानी को लेकर उठा नया विवाद है। हाल ही में परेश रावल ने दावा किया था कि फिल्म का मूल कॉन्सेप्ट उनका था, लेकिन उन्हें इसका क्रेडिट नहीं मिला। इसके बाद फिल्म के को-प्रोड्यूसर अश्विन वर्दे और निर्देशक अमित राय ने उनके दावे को खारिज कर दिया। अब पूरे विवाद पर परेश रावल ने विस्तार से अपनी बात रखी है। उन्होंने साफ कहा कि उनका अक्षय कुमार से कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने सिर्फ कहानी के आइडिया का क्रेडिट मांगा था, न कि पैसे या राइटिंग क्रेडिट।
क्या अक्षय कुमार से नाराज हैं परेश रावल?
एचटी सिटी से बातचीत में परेश रावल ने साफ शब्दों में कहा कि उनका अक्षय कुमार से किसी तरह का विवाद नहीं है। उन्होंने कहा, "अरे भैया, अक्षय और मैं 'भागम भाग 2' कर रहे हैं, जो अश्विन की ही फिल्म है। अभी 'भूत बंगला' भी साथ की है। मेरी अक्षय से सच में कोई प्रॉब्लम नहीं है। आखिर क्यों होगी?" उन्होंने आगे कहा, "अक्षय ने मुझे 'OMG 2' करने के लिए भी मनाने की कोशिश की थी। मैंने उनसे कहा था कि यह सही विषय नहीं है। सेक्स जैसे मुद्दे पर बात करते समय बीच में भगवानों को लाना मुझे ठीक नहीं लगा। लेकिन उन्होंने फिल्म बनाई, फिल्म सफल हुई, मुझे खुशी है। फिर भी आज भी मेरा मानना है कि उस कहानी में भगवानों की जरूरत नहीं थी।" बता दें कि परेश रावल की जगह पंकज त्रिपाठी ने यह फिल्म की थी और सुपरहिट रही थी।
यह भी पढ़ें : अक्षय कुमार-सैफ अली खान की 'हैवान' की रिलीज डेट आई, पोस्टर्स ने बढ़ाया सस्पेंस
क्या सच में 'OMG 2' का आइडिया परेश रावल का था?
अपने दावे पर सफाई देते हुए परेश रावल ने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि उन्होंने फिल्म लिखी है। उन्होंने बताया, "अमित राय से मेरा पुराना रिश्ता है। वह मेहनती और रिसर्च करने वाले लेखक हैं। मैंने एक दिन उनसे कहा था कि एक आइडिया है। हम सेक्स पर फिल्म बना सकते हैं। एक छोटा बच्चा है, जो हस्तमैथुन करता है... वहीं से बातचीत शुरू हुई। मैंने ही सुझाव दिया था कि हमें सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. प्रकाश कोठारी से मिलना चाहिए, ताकि वैज्ञानिक तथ्यों के साथ कहानी आगे बढ़े।" उन्होंने आगे कहा, "मैं यह नहीं कह रहा कि फिल्म मैंने लिखी है। स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन में अमित का ही नाम दर्ज है। लेकिन जब लोग मिलकर आइडिया शेयर करते हैं, तो उस कॉन्सेप्ट का आइडिया मेरा था। मैं सिर्फ उसी का क्रेडिट चाहता था, पैसे नहीं।"
आखिर इतने साल बाद यह मुद्दा क्यों उठाया?
परेश रावल ने कहा कि उन्होंने कभी इस बात को मुद्दा नहीं बनाया। उन्होंने कहा, "यह बात कई साल बाद इंटरव्यू के दौरान निकल गई। मैंने सिर्फ इतना कहा था कि अगर मुझे उस आइडिया का क्रेडिट मिल जाता तो अच्छा लगता। मैंने कभी नहीं कहा कि अमित राय ने फिल्म नहीं लिखी।"
यह भी पढ़ें : Hera Pheri 3 Update: परेश रावल ने फिर छोड़ी 'हेरा फेरी 3'? सामने आया वायरल खबर का पूरा सच
सलमान खान और अजय देवगन को फिल्म ऑफर करने के आरोप पर क्या बोले?
अश्विन वर्दे ने दावा किया था कि परेश 'OMG 2' सलमान खान और अजय देवगन के पास ले गए थे। लेकिन उन्होंने यह खुलासा नहीं किया कि उन्होंने यह फिल्म इसलिए ठुकरा दी, क्योंकि 'OMG' अक्षय कुमार की आईपी है। इन आरोपों पर भी परेश रावल ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, "फिल्म के प्रोड्यूसर के तौर पर हमारा भी नाम जुड़ा था, लेकिन आईपी उनके (अक्षय कुमार) पास थी। अगर मुझे सच में 'OMG 2' करनी होती तो मैं सीधे अक्षय कुमार से बात करता। मैंने ऐसा इसलिए नहीं किया क्योंकि लोग मान लेते कि यह 'OMG 2' ही है, जबकि ऐसा नहीं था। निर्माता चाहते थे, लेकिन मैंने कहा कि मैं फ्रेंचाइजी का फायदा नहीं उठाना चाहता।"
क्या फीस की वजह से परेश रावल ने छोड़ी थी ‘OMG 2’?
परेश रावल ने उन खबरों पर भी रिएक्शन दिया, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने ज्यादा फीस मांगी थी। उन्होंने कहा, "अगर मुझे सिर्फ पैसों से प्यार होता तो मैं फिल्म कर लेता। अमित ने फिल्म लिखी है, इसमें कोई दो राय नहीं है। लेकिन हर एक्टर अपने-अपने आइडिया देता है। मान लीजिए मैंने अमित को 50 आइडिया दिए और उन्होंने 49 खारिज कर दिए, लेकिन जो एक आइडिया उन्हें पसंद आया, उसका क्रेडिट देने में क्या दिक्कत थी? यह बिल्कुल जायज होता।" परेश रावल ने साफ किया कि उनके मन में किसी के लिए कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं अश्विन की बात का बुरा नहीं मानता। अमित के लिए मेरे मन में बहुत प्यार और सम्मान है। जिसे जो कहना है, वह कह सकता है।"
