रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपए की का आंकड़ा पार कर लिया है। इस बीच रितेश ने इस फिल्म को सिर्फ फिल्म नहीं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि बताया। एक इंटरव्यू में उन्होंने सलमान खान, अभिषेक बच्चन और विद्या बालन जैसे स्टार्स की फीस के बारे में भी बात की। जानिए रितेश देशमुख ने क्या कुछ कहा...

रितेश देशमुख इन दिनों अपनी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को लेकर सुर्ख़ियों में हैं। उनकी मानें तो यह फिल्म सिर्फ एक पीरियड ड्रामा नहीं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता और विरासत को बड़े पर्दे पर उतारने की कोशिश है। दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में रितेश ने कई चौंकाने वाले और इमोशनल खुलासे किए। उन्होंने इस दौरान ना केवल फिल्म पर बात की, बल्कि इसमें काम करने वाले स्टार्स की फीस के बारे में भी बताया। रितेश देशमुख ने यह खुलासा भी किया कि आखिर क्यों उन्हें इस फिल्म को बनाने में 10 साल का वक्त लग गया।

'राजा शिवाजी' के लिए सलमान खान और अन्य स्टार्स की फीस?

रितेश देशमुख ने बताया कि सलमान खान, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, बोमन ईरानी और फरदीन खान जैसे सितारों ने इस फिल्म के लिए कोई फीस नहीं ली। इतना ही नहीं, अभिषेक बच्चन ने फीस की जगह रितेश से उनकी मां के हाथ का बना ‘ठेचा’ मांगा। बकौल रितेश, " अभिषेक ने कहा- मुझे पैसे नहीं चाहिए, मुझे बस तुम्हारी मां के हाथ का बना ठेचा चाहिए।” रितेश ने खुलासा किया कि उन्होंने और जेनेलिया ने भी एक्टिंग, डायरेक्शन या प्रोडक्शन के लिए कोई फीस नहीं ली। उनके मुताबिक़, सभी कलाकारों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के सम्मान और आस्था के चलते इस फिल्म का हिस्सा बनना स्वीकार किया।

यह भी पढ़ें : Raja Shivaji Collection Day 7: ‘राजा शिवाजी’ ने रचा इतिहास, पहले हफ्ते में तोड़े बड़े रिकॉर्ड!

सलमान खान ने खुद कहा था- मेरे लिए भी रोल लिखना

रितेश देशमुख ने इंटरव्यू में सलमान खान के कैमियो को लेकर बताया कि उन्होंने खुद उनसे कहा था, “तुम फिल्म बना रहे हो, तो मेरे लिए भी एक रोल लिखना। मेरे बिना तुम फिल्म नहीं बनाओगे।” रितेश ने बताया कि सलमान के प्यार और सपोर्ट ने उन्हें बेहद भावुक कर दिया था। उन्होंने ‘जीवा महाले’ का किरदार खासतौर पर सलमान की स्क्रीन प्रेजेंस को ध्यान में रखकर डिजाइन किया। रितेश ने कहा कि जब अब सोशल मीडिया पर सलमान के उस किरदार के फोटो और वीडियोज वायरल हो रहे हैं, तो बतौर डायरेक्टर उन्हें बेहद संतोष और खुशी महसूस हो रही है।

रितेश देशमुख ने 10 साल पहले देखा था 'राजा शिवाजी' बनाने का सपना

रितेश देशमुख ने बताया कि ‘राजा शिवाजी’ बनाने का सपना उन्होंने करीब 10 साल पहले देखा था। 2016 से 2019 तक लगातार कोशिशें हुईं, लेकिन कई कारणों से फिल्म आगे नहीं बढ़ सकी। फिर कोविड महामारी ने पूरा प्लान रोक दिया। आखिरकार 2023 में फिल्म पर दोबारा काम शुरू हुआ और अब 2026 में यह रिलीज हुई। रितेश ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज उनके लिए सिर्फ ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि पहले सुपरहीरो हैं। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज से लोगों की भावनाएं और आस्था जुड़ी हैं, इसलिए उनके इतिहास को सही तरीके से पर्दे पर उतारना सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी।

यह भी पढ़ें : Raja Shivaji : कौन थे जीवा महाले, 'राजा शिवाजी' में जिनका रोल सलमान खान ने निभाया

'राजा शिवाजी' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कितना हुआ

'राजा शिवाजी' 1 मई 2026 को थिएटर्स में रिलीज हुई है। इस फिल्म ने पहले दिन लगभग 12.4 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। पहले हफ्ते में फिल्म का कलेक्शन 57.7 करोड़ रुपए हो गया है। koimoi.com की मानें तो फिल्म का निर्माण लगभग 75 करोड़ रुपए में हुआ है। इस हिसाब से देखें तो दूसरे हफ्ते में यह फिल्म बजट रिकवर कर सक्सेसफुल फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो जाएगी।