चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर जेल में सरेंडर किया। जमानत याचिका खारिज करते हुए कोर्ट ने कहा कि उन्होंने वादा पूरा नहीं किया। 5 करोड़ में से 3 करोड़ चुका चुके हैं। अगली सुनवाई सोमवार को होगी।

Rajpal Yadav Check Bounce Case: बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद जेल में सरेंडर किया था। शुक्रवार को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, लेकिन कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने साफ कहा कि आप जेल इसलिए गए क्योंकि आपने अपना वादा पूरा नहीं किया। अब इस मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सजा रद्द करने की मांग पर कोर्ट के सवाल

सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव से पूछा कि वे अपनी सजा रद्द करने की मांग किस आधार पर कर रहे हैं। अदालत ने कहा कि उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि उन्होंने पैसा उधार लिया था और उसे लौटाने का वादा भी किया था। ऐसे में अब सजा पर रोक लगाने की मांग क्यों की जा रही है?

वकील ने क्या दी दलील?

राजपाल यादव के वकील ने अदालत को बताया कि एक्टर उसी दिन से इस मामले को सुलझाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि राजपाल यादव ने अदालत में सरेंडर कर यह दिखाया है कि वे अपने वादे को पूरा करना चाहते हैं। फिल्म में लगाए गए 5 करोड़ रुपये में से अब तक 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि चुका दी गई है और बाकी रकम भी चुकाने के लिए तैयार हैं।

कोर्ट की फटकार: आपको कई मौके दिए गए

अदालत ने राजपाल यादव को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि यह बहस समझ से परे है। आपने पहले याचिका दाखिल कर कहा था कि पैसा लौटाएंगे, लेकिन कई साल तक भुगतान नहीं किया। पिछले आदेश का पालन न करने के कारण ही आपको जेल में सरेंडर करना पड़ा। कोर्ट ने यह भी कहा कि आपको 25 से 30 मौके दिए गए थे। अब आप केस दोबारा क्यों खोलना चाहते हैं? आपको यह स्पष्ट करना होगा कि पैसे देने में इतनी देरी क्यों हुई। अदालत ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से सहानुभूति हो सकती है, लेकिन कानून अपने नियमों से चलता है। यदि आप पूरी राशि जमा करने के लिए तैयार हैं, तो सुनवाई आगे जारी रखी जाएगी।

परिवार में शादी का हवाला देकर मांगी जमानत

राजपाल यादव के वकील ने कहा कि अभिनेता कोर्ट में बकाया राशि जमा करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, परिवार में शादी होने की वजह से उन्होंने जमानत की मांग की है।

आर्थिक तंगी और बॉलीवुड सितारों का समर्थन

राजपाल यादव इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उनके पास पूरी रकम चुकाने के लिए पर्याप्त धन नहीं है। ऐसे में सलमान खान, सोनू सूद, अजय देवगन और मीका सिंह जैसे कई बॉलीवुड सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव इस पूरे मामले में भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री ने उनका पूरा साथ दिया है। जो भी लोग मदद के लिए आगे आए हैं, उन सभी का वह दिल से धन्यवाद करती हैं।