राम चरण तेजा और जान्हवी कपूर की फिल्म ‘पेड्डी’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने राम चरण की स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ की, जबकि कई यूजर्स ने बैकग्राउंड म्यूजिक और एडिटिंग को बेहद कमजोर बताया। आइए जानते हैं सोशल मीडिया रिएक्शन।
Peddi Trailer Reaction: राम चरण तेजा और जाह्नवी कपूर स्टारर मोस्टअवेटेड मूवी Peddi का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई। निर्देशक बुची बाबू सना की यह फिल्म एक रूरल स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसमें इमोशन, एक्शन और कई बड़े ‘मास’ मोमेंट्स देखने को मिलते हैं। हालांकि, ट्रेलर को लेकर दर्शकों की राय बंटी हुई नजर आ रही है। कुछ लोग इसे शानदार बता रहे हैं, तो कई यूजर्स ने इसकी आलोचना भी की है।

ट्रेलर में दिखी खेल और संघर्ष की कहानी
Peddi के ट्रेलर में राम चरण एक टैलेंटेड एथलीट के किरदार में नजर आते हैं, जिसके लिए खेल ही उसकी जिंदगी है। फिल्म में उन्हें क्रिकेट और कुश्ती जैसे खेलों में हिस्सा लेते हुए दिखाया गया है। ट्रेलर यह भी दिखाता है कि उनका सफर आसान नहीं है, क्योंकि सत्ता की लड़ाई और निजी संघर्ष उनके सपनों के रास्ते में बड़ी चुनौती बनते हैं। रूरल बैकग्राउंड पर बेस्ड इस फिल्म में बड़े विजुअल्स और इमोशनल सीन्स की झलक देखने को मिलती है।
कई दर्शकों को ट्रेलर लगा निराशाजनक
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने ट्रेलर को उम्मीद से कमजोर बताया। एक यूज़र ने लिखा, “#Peddi का ट्रेलर थोड़ा निराशाजनक लगा। इसकी एडिटिंग काफी लंबी महसूस हुई और ट्रेलर पूरा देखना भी मुश्किल लग रहा था। उम्मीद है कि फिल्म ट्रेलर से बेहतर होगी।” एक अन्य यूजर ने कहा, “#Peddi का ट्रेलर औसत से नीचे है। ऐसा लग रहा है जैसे 2-3 बॉलीवुड स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्मों का मिश्रण देख रहे हों।” कुछ दर्शकों ने फिल्म को फॉर्मूला बेस्ड भी बताया। एक यूज़र ने लिखा, “#Peddi एक टिपिकल साउथ मसाला फिल्म लग रही है। ट्रेलर में सिर्फ राम चरण का ऑरा दिखाया गया है, लेकिन उनके अलावा कुछ खास नजर नहीं आता।”
तेलुगू फिल्मों के पुराने पैटर्न पर भी उठे सवाल
कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि कई तेलुगू फिल्में अब एक जैसे पैटर्न पर चल रही हैं। एक शख्स ने पोस्ट किया, “बड़ी इवेंट फिल्मों को छोड़ दें तो ज्यादातर तेलुगू फिल्में एक ही ढर्रे पर चल रही हैं। वही पुराने एलिवेशन सीक्वेंस और सिर्फ दिखावे वाले महिला किरदार देखने को मिलते हैं।” इस तरह की प्रतिक्रियाओं ने ट्रेलर को लेकर सोशल मीडिया पर बहस और बढ़ा दी।
बैकग्राउंड म्यूजिक और एडिटिंग को लेकर मिली आलोचना
ट्रेलर के बैकग्राउंड म्यूजिक और एडिटिंग को लेकर भी कई लोगों ने सवाल उठाए। एक यूज़र ने लिखा, “यह काफी औसत ट्रेलर है। कोई ऐसा सीन नहीं जिससे रोंगटे खड़े हो जाएं। बहुत ज्यादा स्लो मोशन शॉट्स हैं और बैकग्राउंड म्यूजिक भी साधारण है।” एक अन्य दर्शक ने कहा, “#Peddi के लिए एक दमदार मास ट्रेलर की उम्मीद थी, लेकिन यह एवरेज से भी नीचे निकला। विजुअल्स अच्छे हैं, लेकिन BGM असर छोड़ने में नाकाम रहा।”
राम चरण की स्क्रीन प्रेजेंस की हुई जमकर तारीफ
जहां कुछ लोग ट्रेलर से निराश दिखे, वहीं कई फैंस ने राम चरण की परफॉर्मेंस और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ की। एक यूज़र ने लिखा, “ट्रेलर शानदार लग रहा है। #RamCharan की परफॉर्मेंस सबसे अलग नजर आ रही है। विजुअल्स और शॉट्स बेहद शानदार हैं।” एक और फैन ने लिखा, “#PeddiTrailer दमदार है। राम चरण अपने पुराने रॉ अंदाज में नजर आ रहे हैं। यह मेगा पावर स्टार की एनर्जी का सबसे बेहतरीन रूप है।”
फिल्म में दिखेगा गांव, खेल और संघर्ष का मेल
Peddi सिर्फ एक स्पोर्ट्स ड्रामा नहीं है, बल्कि यह गांव, संघर्ष और सम्मान की कहानी भी दिखाती है। फिल्म में एक गांव के युवक की कहानी दिखाई जाएगी, जो खेल के जरिए अपने समुदाय को एकजुट करता है और अपने लोगों के सम्मान की रक्षा के लिए ताकतवर विरोधियों से लड़ता है। फिल्म में जाह्नवी कपूर भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।
कब रिलीज़ होगी ‘पेड्डी’?
Peddi 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के प्रीमियर शो 3 जून से शुरू हो सकते हैं।


