राम चरण और उपासना कोनिडेला जुड़वा बच्चों—एक बेटे और एक बेटी—के पैरेंट्स बने हैं। चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पर मां और बच्चों के स्वस्थ होने की जानकारी दी। इस खुशी के मौके पर राम चरण शूटिंग से ब्रेक ले सकते हैं।

साउथ सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला के घर खुशियों की डबल एंट्री हुई है। कपल जुड़वा बच्चों—एक बेटे और एक बेटी—के पैरेंट्स बन गए हैं। इस खुशखबरी की पुष्टि राम चरण के पिता और तेलुगु फिल्मों के मेगास्टार चिरंजीवी ने खुद सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर की। चिरंजीवी ने अपने संदेश में बताया कि मां और दोनों बच्चे स्वस्थ हैं। उन्होंने इसे परिवार के लिए “दिव्य आशीर्वाद” बताते हुए सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद भी किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

परिवार में खुशियों का माहौल

राम चरण और उपासना ने पिछले साल ही इशारों में बताया था कि उनके घर नन्हा मेहमान आने वाला है। दीवाली 2025 पर उपासना ने अपनी सीमंथम् (बेबी शॉवर) की झलक शेयर की थी, जिसमें “डबल सेलिब्रेशन” का जिक्र था। तभी से फैंस अंदाजा लगा रहे थे कि गुड न्यूज जुड़वा बच्चों की हो सकती है। इससे पहले जून 2023 में कपल ने अपनी पहली बेटी क्लिन कारा का स्वागत किया था। अब परिवार में दो और नन्हें मेहमानों के आने से जश्न का माहौल है।

राम चरण और उपासना की लव स्टोरी

राम चरण और उपासना कोनिडेला की शादी जून 2012 में हुई थी। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे और फिर दोस्ती प्यार में बदली। शादी के बाद भी दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के लिए सपोर्ट और प्यार जाहिर करते रहते हैं। उपासना, अपोलो चैरिटी की वाइस-चेयरपर्सन हैं और मशहूर हेल्थकेयर इंडस्ट्रियलिस्ट प्रताप सी. रेड्डी की पोती हैं। वह सोशल वेलनेस और हेल्थ से जुड़े कई अभियानों में सक्रिय रहती हैं।

क्या काम से ब्रेक लेंगे राम चरण?

वर्कफ्रंट की बात करें तो राम चरण जल्द ही स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'पेड्डी’ में नजर आएंगे, जिसका निर्देशन बुच्ची बाबू सना कर रहे हैं। फिल्म में राम चरण के साथ जान्हवी कपूर, शिवराजकुमार जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे। फिल्म 27 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घर में आई खुशियों के मौके पर राम चरण शूटिंग से कुछ समय का ब्रेक लेकर परिवार के साथ वक्त बिताएंगे। फिलहाल सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स की ओर से बधाइयों का सिलसिला जारी है।