RAMAYANA CONTROVERSY: अपकमिंग फिल्म‘रामायण’ में भगवान राम के रोल केलिए रणबीर कपूर की कास्टिंग पर इतना विवाद क्यों हो रहा है? क्या अरुण गोविल की छवि आज भी लोगों के दिलों में इतनी मजबूत है कि वे दूसरा राम स्वीकार नहीं कर पा रहे? ₹4000 करोड़ की 'रामायण' में रणबीर का प्रदर्शन कैसा होगा? इन सवालों पर अरुण गोविल ने खुलकर अपनी राय रखी है।
नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण' का पहला टीज़र सामने आते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई। जहां कई दर्शकों ने रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक की तारीफ की, वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने उनकी कास्टिंग पर सवाल भी उठाए। इस बहस के बीच टीवी के सबसे पॉपुलर राम माने जाने वाले अरुण गोविल ने पहली बार इस विवाद पर रिएक्शन दिया है। अरुण गोविल का मानना है कि दशकों पहले निभाया गया उनका किरदार आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है, इसलिए दर्शक किसी नए चेहरे को भगवान राम के रूप में स्वीकार करने में समय ले रहे हैं।

राम के किरदार पर विवाद क्यों हुआ?
'रामायण' के टीज़र में रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में पहली बार दिखाया गया। फिल्म की झलक सामने आते ही सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने रणबीर की तारीफ की, जबकि कुछ लोगों का मानना था कि भगवान राम के किरदार के लिए कोई दूसरा एक्टर ज्यादा उपयुक्त हो सकता था। इसी वजह से फिल्म की कास्टिंग को लेकर बहस तेज हो गई।
अरुण गोविल बोले- लोग दूसरा राम देखना नहीं चाहते
वैरायटी इंडिया से हालिया बातचीत में अरुण गोविल ने कहा, "शायद इसकी एक वजह यह भी है कि भगवान राम के रूप में मेरी एक्टिंग लोगों के लिए एक मानक बन गया। वह आज भी लोगों के दिल और दिमाग में जिंदा है। कोई भी दूसरा राम नहीं देखना चाहता।" उन्होंने आगे कहा, "मेरी 'रामायण' आज भी कहीं ना कहीं लगातार टेलीकास्ट होती रहती है। उत्तर और मध्य भारत में आज भी मेलों, रामलीलाओं और भगवान राम की तस्वीरों में मेरा चेहरा दिखाई देता है। ऐसे में किसी दूसरे एक्टर के भगवान राम वाले प्रदर्शन पर टिप्पणी करना मुझे सही नहीं लगता।"
रणबीर कपूर को लेकर क्या बोले अरुण गोविल?
जब अरुण गोविल से रणबीर कपूर के राम अवतार के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "भगवान राम के रूप में उनके एक्टिंग के बारे में मैं अभी कुछ नहीं कह सकता, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि वह एक अच्छे एक्टर हैं। वह एक बेहतरीन इंसान भी हैं। हर कलाकार अपने तरीके से किसी किरदार को निभाता है और मुझे विश्वास है कि उन्होंने भी भगवान राम को अपने अंदाज में निभाया होगा।"
1987 की 'रामायण' ने बनाया था नेशनल आइकन
अरुण गोविल ने 1987-88 में प्रसारित रामानंद सागर की ऐतिहासिक 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाया था। यह भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे पॉपुलर धारावाहिकों में गिना जाता है। शो की पॉपुलैरिटी इतनी ज्यादा थी कि दर्शक अरुण गोविल और सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया को वास्तविक भगवान राम और माता सीता की तरह सम्मान देने लगे थे।
4000 करोड़ की 'रामायण' में कौन-कौन?
नितेश तिवारी की 'रामायण' भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिनी जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसका कुल बजट लगभग 4000 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। फिल्म की मुख्य स्टार कास्ट इस प्रकार है :-
- रणबीर कपूर — भगवान राम
- साई पल्लवी — माता सीता
- यश — रावण
- सनी देओल — भगवान हनुमान
- रवि दुबे — लक्ष्मण
- अरुण गोविल — राजा दशरथ
टीज़र में भगवान राम की झलक के साथ सीता, लक्ष्मण और रावण की भी छोटी-छोटी झलकियां दिखाई गईं। अंत में रावण के पुष्पक विमान की झलक ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा। निर्माता नमित मल्होत्रा की यह महत्वाकांक्षी फिल्म दो पार्ट्स में रिलीज होगी। पहला भाग अक्टूबर 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि दूसरा भाग 2027 में रिलीज किया जाएगा। फिल्म को लेकर देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
