‘रामायणम्’ भले ही अभी सिनेमाघरों में नहीं पहुंची है, लेकिन लोगों को इंतजार है कि यह ओटीटी के किस प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। यह कब आएगी इसके बारे में भी लोग लगातार जानना चाहते हैं। तो चलिए बताते हैं रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’ कब और कहां आएगी।

रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायणम्’ (Ramayana) को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए एक और अपडेट सामने आया है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद यह फिल्म OTT पर भी आएगी। मेकर्स ने इसके डिजिटल स्ट्रीमिंग पार्टनर का खुलासा कर दिया है। हालांकि, दर्शकों को इसे देखने के लिए सामान्य OTT सब्सक्रिप्शन से अलग भुगतान करना पड़ सकता है।

किस OTT प्लेटफॉर्म पर आएगी ‘रामायणम्’?

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम्: पार्ट वन’ थिएटर में अपनी रिलीज के बाद जियो हॉटस्टार (Jio Hotstar) पर स्ट्रीम होगी। इसके लिए जियो हॉटस्टार और फिल्म के प्रोडक्शन हाउस प्राइम फोकस स्टूडियज ने साझेदारी की है। इस फिल्म को प्लेटफॉर्म पर पे-पर-व्यू मॉडल के तहत उपलब्ध कराया जाएगा। यानी दर्शक इसे देखने के लिए अलग से भुगतान करके एक्सेस खरीद सकेंगे। ऐसे में केवल सामान्य OTT सब्सक्रिप्शन होने से फिल्म मुफ्त में देखने की सुविधा मिलेगी या नहीं, यह साफ नहीं है।

कब रिलीज होगी ‘रामायणम्’?

‘रामायणम्: पार्ट वन’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म को दिवाली के मौके पर हिंदी समेत तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज करने की योजना है। इसे IMAX 3D सहित प्रीमियम फॉर्मेट में भी देखा जा सकेगा। फिलहाल फिल्म की OTT रिलीज की सटीक तारीख और पे-पर-व्यू के लिए तय की जाने वाली कीमत का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। इसलिए दर्शकों को डिजिटल रिलीज के लिए अभी इंतजार करना होगा।

रणबीर कपूर राम तो यश बनेंगे रावण

‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म की अन्य स्टार कास्ट में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और काजल अग्रवाल जैसे कलाकार भी शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: Ramayana: पहले दिन कितनी कमाई करेगी रणबीर कपूर की 'रामायण'? क्या बनाएगी यह बड़ा रिकॉर्ड

दो पार्ट में बनेगी ‘रामायणम्’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह लाइव-एक्शन फिल्म दो हिस्सों में रिलीज की जाएगी। इसकी कहानी वाल्मीकि की रामायण पर आधारित है, जिसे स्क्रीन के लिए श्रीधर राघवन ने रूपांतरित किया है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के Prime Focus Studios ने DNEG और यश की Monster Mind Creations के साथ मिलकर किया है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी हंस जिमर और ए. आर. रहमान संभाल रहे हैं। फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है।

और पढ़ें: 'रामायणम्' की एडवांस बुकिंग पर लगा ब्रेक? डिस्ट्रीब्यूटर्स की इस मांग पर फंसा मामला