'रामायणम् ' की रिलीज डेट को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब तस्वीर साफ होती दिख रही है। फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में आएगी, जबकि सटीक रिलीज डेट भी सामने आ गई है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर 'रामायणम् ' इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। ट्रेलर रिलीज के बाद से फैंस इसकी रिलीज डेट को लेकर लगातार अटकलें लगा रहे थे। फिल्म के ट्रेलर में सिर्फ इतना बताया गया था कि यह दिवाली 2026 पर रिलीज होगी, लेकिन तारीख का खुलासा नहीं किया गया था। ऐसे में 30 अक्टूबर, 6 नवंबर और 8 नवंबर जैसी कई संभावित तारीखों पर चर्चा तेज थी। अब फिल्म की रिलीज डेट को लेकर नई जानकारी सामने आई है, जिससे फैंस का इंतजार और भी रोमांचक हो गया है।
आखिर कब रिलीज होगी 'रामायणम् '?
रिलीज डेट को लेकर चल रही तमाम अटकलों के बीच अब जानकारी सामने आई है कि 'रामायणम् ' 6 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बताया जा रहा है कि मेकर्स ने ग्लोबल डे-एंड-डेट रिलीज की रणनीति बनाई है, ताकि ज्यादातर देशों में फिल्म एक ही दिन रिलीज हो सके।
प्री-दिवाली रिलीज के बावजूद क्या होगा बड़ा धमाका?
आमतौर पर दिवाली से पहले के कुछ दिन बॉक्स ऑफिस के लिहाज से कमजोर माने जाते हैं। हालांकि, ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि 'रामायणम् ' इस ट्रेंड को बदल सकती है। फिल्म को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है और उम्मीद है कि शुरुआती दिन से ही इसे शानदार ओपनिंग मिलेगी। वहीं 9 नवंबर (सोमवार) से फिल्म की कमाई और रफ्तार पकड़ सकती है।
भारत और विदेश में कौन करेगा 'रामायणम्' रिलीज?
भारत में धर्मा प्रोडक्शंस फिल्म का वितरण करेगा, जबकि सोनी पिक्चर्स ने इसके ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स हासिल किए हैं। यानी फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़े पैमाने पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म के दोनों पार्ट्स के म्यूजिक राइट्स टी-सीरीज ने एडवांस डील में 75 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। यह डील रिलीज से पहले ही फिल्म की जबरदस्त मार्केट वैल्यू को दिखाती है।
Ramayana Star Cast: 'रामायणम् ' में कौन-कौन आएगा नजर?
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान और हैंस जिमर ने तैयार किया है। यह दो भागों में रिलीज होगी। पहला पार्ट दिवाली 2026 पर आएगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।दोनों पार्ट्स का साझा बजट लगभग 4000 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
