'रामायण' के ट्रेलर लॉन्च से पहले इसकी संभावित रिलीज डेट चर्चा में है। अगर रिपोर्ट सही निकली तो रणबीर कपूर और यश की फिल्म का सामना हॉलीवुड की बड़ी रिलीज से होगा।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की मोस्ट अवैटेड फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर 24 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज होने वाला है, लेकिन उससे पहले फिल्म की संभावित रिलीज डेट को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। मीडिया और इंडस्ट्री के चुनिंदा लोगों को ट्रेलर की विशेष स्क्रीनिंग दिखाई गई, जिसके बाद एक ट्रेड एनालिस्ट के रिएक्शन ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। उनके पोस्ट में फिल्म के सिनेमाघरों में आने की संभावित तारीख का जिक्र किया गया है। हालांकि मेकर्स ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन अगर यह तारीख सही साबित होती है तो बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।
क्या ट्रेलर रिव्यू से लीक हो गई 'रामायण' की रिलीज डेट?
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विशेष 3डी स्क्रीनिंग के बाद ट्रेड एनालिस्ट और फिल्म पत्रकार जीवी ने सोशल मीडिया पर अपना रिएक्शन शेयर किया है। उन्होंने लिखा, "कुछ दिन पहले दिल्ली के भारत मंडपम में 3डी में #Ramayana का ट्रेलर देखा। ट्रेलर 24 जुलाई को जनता के लिए रिलीज होगा। फिल्म की कास्टिंग बिल्कुल सटीक है और इसका रंग संयोजन व पूरा विजुअल अंदाज पूरी तरह भारतीय महसूस होता है।" उन्होंने रणबीर कपूर के भगवान राम, यश के रावण और साई पल्लवी के सीता वाले किरदार की भी जमकर तारीफ की।
यह भी पढ़ें : 'रामायण' ट्रेलर रिलीज से पहले हुआ ऑनलाइन लीक! मेकर्स ने तुरंत लिया यह बड़ा फैसला
रिलीज डेट को लेकर क्यों तेज हुई चर्चा?
अपने रिएक्शन के आखिर में जीवी ने लिखा, "विजुअल्स, संगीत और वीएफएक्स विश्वस्तरीय हैं। अब 8 नवंबर को फिल्म के सिनेमाघरों में आने का इंतजार नहीं हो रहा।" बस इसी एक लाइन के बाद सोशल मीडिया पर यह अटकलें तेज हो गईं कि 'रामायण' 8 नवंबर 2026 को रिलीज हो सकती है। हालांकि फिल्म के निर्माताओं ने अभी तक इस तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह भी साफ नहीं है कि यह जानकारी आधिकारिक है या केवल संभावित रिलीज प्लान का जिक्र किया गया है।
क्या पहले कोई और रिलीज डेट सामने आई थी?
इससे पहले ऐसी चर्चाएं थीं कि 'रामायण' अक्टूबर 2026 के आखिर में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। बताया गया था कि यश ने इसी साल CinemaCon के दौरान इस संभावित टाइमलाइन का संकेत दिया था। अगर अब 8 नवंबर की तारीख तय होती है, तो फिल्म की रिलीज पहले की चर्चाओं से अलग होगी।
क्या 'गॉडजिला: माइनस जीरो' से होगा बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश?
अगर 8 नवंबर 2026 की तारीख सही साबित होती है तो 'रामायण' का सीधा मुकाबला जापानी निर्देशक ताकाशी यामाजाकी की 'Godzilla: Minus Zero' से हो सकता है। यह फिल्म 6 नवंबर 2026 को दुनियाभर के कई बाजारों में रिलीज होने वाली है। दोनों फिल्मों की रिलीज में सिर्फ दो दिन का अंतर होने से IMAX और प्रीमियम स्क्रीन के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें : Ramayana Trailer First Review: कैसा है 'रामायण' का ट्रेलर? पहले रिव्यू में किसकी हुई तारीफ़
'रामायण' को लेकर इतना क्रेज क्यों है?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है। यह दो भागों में बनने वाली पौराणिक महागाथा है, जिसका बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। ट्रेलर की शुरुआती स्क्रीनिंग देखने वाले कई फिल्मकार इसकी भव्यता, विजुअल्स और तकनीकी स्तर की जमकर तारीफ कर चुके हैं। फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को वैश्विक स्तर पर रिलीज किया जाएगा। माना जा रहा है कि इसी दौरान मेकर्स फिल्म की रिलीज डेट पर भी आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।
