Rashami Desai Salman Khan connection: ऐसा क्या हुआ था कि रश्मि देसाई की जिंदगी पूरी तरह बिखर गई थी? क्यों उन्होंने अपनी मां और पूरे परिवार से बात करना बंद कर दिया था? उन्हें क्यों लगा कि उनका करियर खत्म हो जाएगा? सलमान खान की वजह से कैसे मां-बेटी की सालों पुरानी दूरियां खत्म हुईं? रश्मि का यह दर्दभरा खुलासा अब सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है।
टीवी इंडस्ट्री की चर्चित एक्ट्रेस रश्मि देसाई ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। राजीव खंडेलवाल के शो ‘तुम हो ना’ में पहुंचीं रश्मि ने बताया कि एक समय ऐसा था जब उन्होंने अपनी मां समेत पूरे परिवार से बात करना बंद कर दिया था। आर्थिक तंगी, टूटता करियर और पर्सनल लाइफ के संघर्षों ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था। एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि कैसे सलमान खान की मौजूदगी में उनकी मां से सालों बाद बातचीत शुरू हुई। रश्मि का यह इमोशनल बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मुझे लगने लगा था कि मेरी जिंदगी खत्म हो गई: रश्मि देसाई
शो के दौरान राजीव खंडेलवाल ने जब रश्मि देसाई से उनके मुश्किल दौर और मां के सपोर्ट को लेकर सवाल किया, तो एक्ट्रेस भावुक हो गईं। रश्मि ने कहा, “निधि, जीविता और नदीम भाई मेरी जिंदगी के वो तीन लोग थे, जो मेरी पूरी सच्चाई जानते थे। मैं कभी झूठ नहीं बोलती और कहानियां बनाना मुझे पसंद नहीं है। चार साल बाद भी मुझसे यही सवाल पूछेंगे तो मेरा जवाब यही रहेगा।” उन्होंने आगे कहा, “नदीम भाई ने मेरी बहुत मदद की। उस वक्त मैं अपनी मां से बिल्कुल बात नहीं कर रही थी। मैंने परिवार के सभी लोगों को ब्लॉक कर दिया था। मुझे लगने लगा था कि अब जिंदगी खत्म हो गई है। घर से बाहर निकलते ही करियर खत्म हो जाएगा, पर्सनल लाइफ पहले ही टूट चुकी थी और मेरे पास पैसे भी नहीं थे।”
मां से क्यों बिगड़े रश्मि देसाई के रिश्ते?
रश्मि देसाई ने खुलासा किया कि उनकी मां के साथ रिश्तों में दूरी गलतफहमियों की वजह से आई थी। उन्होंने कहा, “बहुत सारी गलतफहमियां थीं और मैं बहुत रिबेल लड़की थी। मैं बहुत महत्वाकांक्षी थी। जैसे ही मैं कहती थी कि मुझे ये करना है, तो मेरी मां डर जाती थीं।” एक्ट्रेस ने बताया कि जिंदगी के उस दौर ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया। उन्होंने कहा, “गलतियां जिंदगी का हिस्सा हैं। लोग हमें इतना सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि हम उन्हें बहुत बड़ा बना देते हैं। मैंने कई महिलाओं को सिखाया है कि जिंदगी को दोबारा शुरू करना गलत नहीं है। अपनी गलतियों को स्वीकार करो और खुलकर बात करो।”
सलमान खान की वजह से मां से फिर हुई बात
रश्मि देसाई ने एक पुराना किस्सा भी साझा किया, जब उनकी मां एक शो में आई थीं। उन्होंने कहा, “जब मेरी मां शो पर आई थीं, तब मैंने सलमान सर के पैर छुए थे। मैं पहले से ऐसा करती आई हूं। तब सलमान सर ने मेरी मां से पूछा था, ‘क्या ये घर पर भी ऐसी ही है?’ और मेरी मां ने हां कहा था। वही पहली बार था जब मैंने अपनी मां से बात की थी। यह फरवरी 2020 की बात है, मेरे जन्मदिन के बाद।”
संघर्षों ने बदल दी रश्मि देसाई की जिंदगी
रश्मि ने कहा कि मुश्किल वक्त इंसान को मजबूत बनाता है। उनके मुताबिक, “जब जिंदगी में हर कोई आपके खिलाफ हो जाता है, वही सबसे अच्छा समय होता है। क्योंकि उस दौर में जिंदगी से गैरजरूरी लोग निकल जाते हैं और सिर्फ वही लोग बचते हैं जो सच में आपके लिए अच्छे होते हैं।” रश्मि देसाई के इस खुलासे ने उनके फैंस को भावुक कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी हिम्मत और ईमानदारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
