Rishab Shetty upcoming pan India movies: क्या 'कांतारा' स्टार ऋषभ शेट्टी अगला पैन इंडिया तूफान लाने वाले हैं? कितनी है इस मेगा बजट प्रोजेक्ट की लागत, जिसे 2 पार्ट्स में बनाया जा रहा है? क्या छत्रपति शिवाजी महाराज की कहानी नए रिकॉर्ड बनाएगी? क्या यह 'छावा' से भी बड़ी फिल्म साबित होगी? आखिर मेकर्स का मास्टरप्लान क्या है?
'कांतारा' की ऐतिहासिक सफलता के बाद ऋषभ शेट्टी लगातार बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स से जुड़ते जा रहे हैं। पौराणिक और ऐतिहासिक किरदारों की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना चुके एक्टर अब छत्रपति शिवाजी महाराज के रूप में बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' का दायरा इतना विशाल हो गया है कि मेकर्स ने इसे एक फिल्म के बजाय दो भागों में रिलीज करने का फैसला लिया है। 500 करोड़ रुपये से अधिक के बजट में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य ऐतिहासिक परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है।

एक फिल्म नहीं, अब दो भागों में आएगी शिवाजी महाराज की गाथा
शुरुआत में 'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' को एक स्टैंडअलोन फिल्म के रूप में विकसित किया जा रहा था। हालांकि प्रोजेक्ट के विस्तार और कहानी के व्यापक स्वरूप को देखते हुए मेकर्स ने इसे दो भागों में पेश करने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, पहला भाग 2028 में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम भाग 2029 में सिनेमाघरों में पहुंचेगा।
ऋषभ शेट्टी निभाएंगे मराठा साम्राज्य के महानायक का किरदार
फिल्म में ऋषभ शेट्टी महान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाते नजर आएंगे। कहानी उनके जीवन, संघर्ष, सैन्य रणनीतियों, उपलब्धियों और विरासत को बड़े स्तर पर दर्शकों के सामने पेश करेगी। मेकर्स का लक्ष्य सिर्फ एक ऐतिहासिक फिल्म बनाना नहीं, बल्कि उस युग को भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में जीवंत करना है।
'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' बजट
बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट 500 करोड़ रुपये से अधिक रखा गया है। इसी वजह से इसे भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की सबसे महंगी ऐतिहासिक फिल्मों में गिना जा रहा है। विशाल सेट्स, बड़े युद्ध दृश्य, अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स और व्यापक रिसर्च इस प्रोजेक्ट को अलग पहचान दे सकते हैं। अगर बजट को लेकर आ रहीं ख़बरें सही हैं तो यह विक्की कौशल स्टारर ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर 'छावा' के मुकाबले लगभग 4 गुना है। छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति संभाजी महाराज की जिंदगी पर बनी 'छावा' का बजट लगभग 120-130 करोड़ रुपये था।
महाराष्ट्र में होगी बड़े पैमाने पर शूटिंग
फिल्म की शूटिंग का बड़ा हिस्सा महाराष्ट्र में किए जाने की योजना है। यही वह भूमि है जहां छत्रपति शिवाजी महाराज ने मराठा साम्राज्य की नींव रखी और कई ऐतिहासिक अभियानों का नेतृत्व किया। मेकर्स किलों, युद्ध अभियानों और उस दौर के सामाजिक-राजनीतिक परिवेश को वास्तविकता के करीब दिखाने की तैयारी में हैं।
'जय हनुमान' के बाद शुरू होगा नया अध्याय
ऋषभ शेट्टी फिलहाल 'जय हनुमान' सहित अपने अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। इन प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के बाद वह इस ऐतिहासिक फिल्म पर फोकस करेंगे। लगातार बड़े पौराणिक और ऐतिहासिक किरदारों से जुड़कर एक्टर भारतीय सिनेमा के इस तेजी से बढ़ते जॉनर के प्रमुख चेहरों में शामिल होते जा रहे हैं।
