Rohit Shetty Mumbai house attack: मुंबई के जुहू इलाके में निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर देर रात अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और हमले की वजह का पता लगाया जा रहा है।

मुंबई के जुहू इलाके से शनिवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। दिग्गज फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि कम से कम चार राउंड फायरिंग की गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें सबूत जुटाने में लगी हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग पर पुलिस क्या कह रही?

मुंबई पुलिस इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की मंशा का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बयान जारी करते हुए कहा, "बिल्डिंग के बाहर फायरिंग की घटना हुई है। हम आरोपियों की पहचान के लिए सभी संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं।"

फायरिंग मामले की जांच जारी, वजह साफ नहीं

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना किसी धमकी, आपराधिक रंजिश या किसी अन्य कारण से जुड़ी है।घटना के बाद से रोहित शेट्टी या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही और जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच एजेंसियां हमलावरों की तलाश में जुटी हैं।

मुंबई में पहले भी हो चुकी हैं फायरिंग की ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब मुंबई में किसी फिल्मी सेलेब्रिटी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई हो। साल 2024 में सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर भी दो हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। उस घटना की जिम्मेदारी बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी। हालांकि, रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई इस ताजा घटना को लेकर फिलहाल किसी गैंग या संगठन का नाम सामने नहीं आया है।