सलमान खान के भाई सोहेल खान ने खुलासा किया कि वह बेटे का नाम 'राम खान' रखना चाहते थे, लेकिन सीमा सजदेह के एक शब्द ने फैसला बदल दिया और नाम निर्वाण खान रखा गया।
बॉलीवुड एक्टर सोहेल खान ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा शेयर किया है, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है। रियलिटी शो 'अलायंस' में पूर्व पत्नी सीमा सजदेह के साथ नजर आए सोहेल ने बताया कि वह अपने बड़े बेटे का नाम 'राम खान' रखना चाहते थे। हालांकि, बेटे के जन्म के बाद अस्पताल में सीमा सजदेह के मुंह से निकला एक नाम उन्हें इतना पसंद आया कि उन्होंने अपना फैसला बदल दिया। इस बातचीत के दौरान सोहेल ने अपने परिवार, बेटे निर्वाण और सीमा के साथ आज भी बने सम्मानजनक रिश्ते पर भी खुलकर बात की।
आखिर सोहेल खान बेटे का नाम 'राम खान' क्यों रखना चाहते थे?
शो के दौरान एली गोनी ने सोहेल खान के दोनों बेटों की तारीफ करते हुए कहा कि निर्वाण बिल्कुल अपने पिता की तरह हैं। इस पर सोहेल ने बेटे के नाम से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा, "जब सीमा निर्वाण को गर्भ में लिए हुए थीं, तब हमने मजाक-मजाक में तय किया था कि अगर बेटा हुआ तो उसका नाम मैं रखूंगा और अगर बेटी हुई तो उसका नाम सीमा रखेगी। मेरी इच्छा थी कि मैं अपने बेटे का नाम 'राम खान' रखूं। हम इस मामले में बहुत धर्मनिरपेक्ष सोच रखते हैं।"
फिर 'राम खान' की जगह 'निर्वाण' नाम कैसे पड़ा?
सोहेल ने आगे बताया कि बेटे के जन्म के बाद सब कुछ बदल गया। उन्होंने कहा, "जब सीमा डिलीवरी के बाद होश में आईं, तब उन्होंने भी अपने मन में एक नाम सोच रखा था। डॉक्टर ने बताया कि बेटा हुआ है। मैं कमरे में गया तो सीमा ने मुझे देखा। वह थोड़ी उनींदी थीं और उन्होंने कहा, 'निर्वाण कैसा है?' उन्होंने जिस अंदाज में यह नाम लिया, उसके बाद मेरा मन नहीं हुआ कि मैं इसे बदलूं।" सोहेल ने यह भी बताया कि अपने नाम की तरह ही निर्वाण का स्वभाव भी बेहद शांत है।
सोहेल और सीमा का रिश्ता आज कैसा है?
सोहेल खान और सीमा सजदेह ने 1998 में परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं—निर्वाण और योहान। करीब दो दशक साथ रहने के बाद दोनों ने 2022 में आधिकारिक तौर पर तलाक ले लिया। हालांकि, दोनों आज भी अपने बच्चों की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं। 'अलायंस' में सोहेल ने बताया कि आज भी उनके मन में सीमा के लिए काफी सम्मान है। उन्होंने कहा कि, "प्यार से भी ज्यादा आज मेरे मन में सीमा के लिए सम्मान है।" सोहेल ने यह भी बताया कि दोनों बेटे उनके साथ रहते हैं, जबकि सीमा हफ्ते में तीन दिन उनसे मिलने उनके घर आती हैं।
निर्वाण के एक्टिंग करियर पर क्या बोले सोहेल?
साल 2024 में दिए एक इंटरव्यू में सोहेल खान ने बेटे निर्वाण के एक्टर बनने की इच्छा पर कहा था, "अगर आपको एक्टर बनना है, तो पता नहीं लोग पहले सहायक निर्देशक क्यों बन जाते हैं। सीरियर कलाकारों को नए कलाकारों को अपने साथ रहने और सीखने का मौका देना चाहिए। मैं चाहता हूं कि निर्वाण अजय देवगन, अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी, शाहिद कपूर और नाना पाटेकर जैसे कलाकारों के साथ रहें, उन्हें देखें और उनके साथ संवाद पढ़कर सीखें।"
