यामी गौतम की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'नई नवेली' 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। जानें फिल्म किस OTT प्लेटफॉर्म पर आएगी और इसकी डिजिटल रिलीज डेट पर क्या अपडेट है।
यामी गौतम की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'नई नवेली' (Nayyi Navelli) सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। 16 अक्टूबर रिलीज हुई मूवी ने पहले दिन 3.25 करोड़ रुपए का कारोबार किया। अगर आप इस फिल्म को घर बैठे देखना चाहते हैं, तो इसके OTT प्लेटफॉर्म और रिलीज डेट से जुड़ी जानकारी जान लीजिए।
किस OTT प्लेटफॉर्म पर आएगी 'नई नवेली'?
यामी गौतम की फिल्म 'नई नवेली' के लिए Amazon Prime Video का नाम OTT पार्टनर के तौर पर सामने आया है। यानी फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज के बाद इसे इस प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम किए जाने की जानकारी है। हालांकि, अभी तक इसकी OTT स्ट्रीमिंग की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। ऐसे में दर्शकों को इसके डिजिटल प्रीमियर के लिए कुछ समय इंतजार करना पड़ सकता है।
क्या है 'नई नवेली' की कहानी?
फिल्म की कहानी मेरठ में रहने वाले एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी नई बहू के आने के बाद बदलने लगती है। यामी गौतम का किरदार मोहिनी घर में खुशहाली और व्यवस्था लेकर आता है। परिवार के लोगों को उसकी खूबियां प्रभावित करती हैं। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब परिवार का एक सदस्य उसकी असलियत पर शक करने लगता है। उसे लगने लगता है कि घर की आदर्श बहू कोई साधारण इंसान नहीं, बल्कि एक रहस्यमयी और खतरनाक ताकत हो सकती है। फिल्म में हॉरर के साथ कॉमेडी का भी तड़का है। यही वजह है कि इसकी कहानी में डर और मनोरंजन दोनों का मेल देखने को मिलता है।
और पढ़ें: Nayyi Navelli Movie Review: यामी गौतम की ‘नयी नवेली’ में डायन का रहस्य या कॉमेडी का गड़बड़झाला?
फिल्म में कौन-कौन से कलाकार हैं?
'नई नवेली' में यामी गौतम मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ आदिनाथ एम. कोठारे, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ और आदित्य कुलश्रेष्ठ जैसे कलाकार भी नजर आते हैं। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं। बता दें कि यामी ने 'विक्की डोनर' से हिंदी सिनेमा में पहचान बनाई। इसके बाद वह 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक', 'बाला', 'ए थर्सडे' और 'आर्टिकल 370' जैसी फिल्मों में नजर आईं।
और पढ़ें:4 नए रिलीज के बीच भी कायम है 'हनुमान अंश ' की पकड़, 71वें दिन मूवी ने की इतनी कमाई






