सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी की अचानक मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह भी सामने आ गई है।
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के मुंबई स्थित घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ के बाहर तैनात एक पुलिसकर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, 41 वर्षीय कॉन्स्टेबल गणेश ड्यूटी के दौरान अचानक गिर पड़े। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई।
सलमान की सुरक्षा में तैनात थे कॉन्स्टेबल गणेश
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉन्स्टेबल गणेश सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। शुक्रवार की शाम 6 बजे जब वो ड्यूटी कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ी। वो वहीं पर गिर गए। जिसके बाद वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बता दें कि सलमान की सुरक्षा पिछले कुछ समय से बेहद संवेदनशील बनी हुई है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से बॉलीवुड के ‘भाई जान’ को लगातार धमकियां मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। एक्टर के घर के बाहर पुलिस के साथ-साथ प्राइवेट सिक्यूरिटी गार्ड भी तैनात रहते हैं।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से क्यों है सलमान को खतरा?
सलमान खान को लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकियां मिलती रही हैं। रिपोर्टों के अनुसार, बिश्नोई गैंग अभिनेता से कथित तौर पर 1998 के काले हिरण शिकार मामले को लेकर नाराज है। बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है। सलमान के मुंबई स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर अप्रैल 2024 में फायरिंग भी हुई थी। इस घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा को और मजबूत किया गया। पुलिसकर्मी की मौत के बाद भी सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था जारी है। सलमान खान को मिली धमकियों के मद्देनजर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।
और पढ़ें: SRK नहीं, ये है Bigg Boss 20 का करण-अर्जुन फंडा, सलमान खान पहली बार देंगे सेकेंड चांस
'सुरक्षाकर्मी के साथ चलना परेशानी का सबब हो जाता है'
बता दें कि सलमान खान को सुरक्षा के साथ चलना पसंद नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि कभी-कभी सुरक्षाकर्मियों के साथ घूमना उनके लिए परेशानी का सबब बन जाता है। उन्हें किसी भी तरह की धमकी से अब डर नहीं लगता है। भगवान के ऊपर अपनी सुरक्षा और देखभाल छोड़ दी है। जितनी उम्र लिखी है, उतनी मिलेगी ही।
इसे भी पढ़ें: Alliance: मिनी माथुर बनीं 'अलायंस' की पहली विनर, अली गोनी को हराकर जीते इतने लाख रुपए
