रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने अपनी अगली फिल्म SVC63 के लिए अपनी फीस में लगभग तकरीबन 40 फीसदी से ज्यादा कटौती की है। बताया जा रहा है कि इसके पीछे दोस्ती अहम वजह है।

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अपनी दोस्ती निभाने को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने वामशी पेदिपल्ली के डायरेक्शन में बनने वाली फिल्म SVC63 के लिए अपनी फीस में बड़ी कटौती करने का फैसला लिया है। दावा है कि सलमान ने इस फिल्म के लिए अपनी रेगुलर फीस में से लगभग 40 फीसदी से ज्यादा रकम कम कर दी है। हालांकि, इस फीस को लेकर अब तक सलमान खान या फिल्म निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन इंडस्ट्री के गलियारों में इस बात की चर्चा जोर-शोर से हो रही है।

SVC63 के लिए सलमान खान कितनी फीस लेंगे?

रिपोर्ट्स के मुताबिक़, सलमान खान डायरेक्टर वामशी पेदिपल्ली की एक्शन एंटरटेनर SVC63 में बतौर लीड एक्टर नजर आएंगे, जो ईद 2027 पर रिलीज होने की तैयारी में है। दावा किया जा रहा है कि इस फिल्म के लिए उन्होंने अपनी सामान्य फीस से काफी कम, यानी लगभग 70 करोड़ रुपये लेने पर सहमति दी है। रिपोर्ट्स की मानें तो आमतौर पर सलमान खान एक फिल्म के लिए 120 करोड़ रुपए चार्ज करते हैं।

यह भी पढ़ें : जब एक-दूसरे से भिड़ गए थे सलमान खान-संजय दत्त! फिर एक लड़की ने कैसे कराई उनकी दोस्ती?

सलमान खान की फीस घटाने की वजह क्या बताई जा रही है?

फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट में इंडस्ट्री सूत्रों की ओर से दावा किया गया है कि सलमान खान ने यह फैसला अपने करीबी दोस्त रफी काजी की वजह से लिया। बताया जा रहा है कि रफी काजी ने इस प्रोजेक्ट को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है और वह फिल्म के निर्माताओं में भी शामिल होंगे। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से लिखा है, "सलमान खान पिछले करीब 20 वर्षों से हर फिल्म के लिए 120 करोड़ रुपये या उससे अधिक फीस लेते रहे हैं। लेकिन इस प्रोजेक्ट में उनके पुराने दोस्त रफी काजी की मौजूदगी की वजह से उन्होंने अपनी अपफ्रंट फीस में बड़ी कटौती करने पर सहमति दी है।" हालांकि, यह साफ नहीं है कि सलमान ने फिल्म के मुनाफे या बैकएंड डील में कोई हिस्सेदारी तय की है या नहीं।

फिल्मों के लिए क्या है सलमान खान का प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल?

रिपोर्ट्स के अनुसार, 'दबंग' के बाद से सलमान खान ने ज्यादातर फिल्मों में प्रोड्यूसर या को-प्रोड्यूसर के रूप में हिस्सेदारी रखी है। कई फिल्मों में उन्होंने ओटीटी, सैटेलाइट या अन्य अधिकारों में भी हिस्सा लिया, जिनकी कीमत अक्सर 120 से 140 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है। वहीं, 'टाइगर' फ्रेंचाइजी में भी उनके लिए विशेष बिजनेस डील होने की चर्चा रही है।

यह भी पढ़ें : संजय दत्त से लिपटकर इमोशनल हुए सलमान खान, तस्वीरें वायरल, लोग बोले- दो भाई, दोनों तबाही

दोस्ती निभाने के लिए सलमान खान पहले भी छोड़ चुके हैं फीस

सलमान खान पहले भी अपने दोस्तों के लिए बिना फीस काम करने की वजह से सुर्खियां बटोर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने रितेश देशमुख की फिल्म 'राजा शिवाजी' में कैमियो बिना कोई फीस लिए किया था। अजय देवगन ने भी एक बार खुलासा किया था कि 'सन ऑफ सरदार' के 'पो पो' गाने में सलमान ने बिना फीस काम किया था। अजय के मुताबिक, सलमान ने उनसे कहा था, "तुम मेरे दोस्त हो। मैं दोस्तों से पैसे नहीं लेता।"

सलमान खान के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स कौन-से हैं?

वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही फिल्म 'मातृभूमि' में दिखाई देंगे। इस फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है। इसके अलावा, उनके राज एंड डीके के साथ एक नए प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चा चल रही है।