समय रैना और शेरोन वर्मा की ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में बिहार-कश्मीर को लेकर हुई नोकझोंक विवादों में है। कई राजनीतिक नेताओं ने दोनों के कमेंट्स पर नाराजगी जताई है।
कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने शो इंडियाज गॉट लेटेंट 2 ( India's Got Latent 2) को लेकर विवाद में हैं। इस बार विवाद की वजह उनके और कॉमेडियन शेरोन वर्मा के बीच हुई एक नोकझोंक है। शो में दोनों ने एक-दूसरे के रीजनल बैकग्राउंड को लेकर मजाक किया, लेकिन एपिसोड के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक रिएक्शन तक पहुंच गया। कई नेताओं ने सवाल उठाए और कहा कि कॉमेडी के नाम पर किसी राज्य, समुदाय या संवेदनशील ऐतिहासिक घटना को मजाक का विषय बनाना बिल्कुल गलत है।
क्या हुआ था समय रैना और शेरोन वर्मा के बीच?
India's Got Latent 2 के हालिया एपिसोड में शेरोन वर्मा पैनल का हिस्सा थीं। बातचीत के दौरान समय रैना ने उनके बिहारी बैकग्राउंड को लेकर मजाक किया और बिहार से नौकरी के लिए मुंबई आने वाली बात पर टिप्पणी की। इसके जवाब में शेरोन ने भी समय रैना की कश्मीरी पहचान को लेकर पलटवार किया।
शेरोन वर्मा के जवाब ने खींचा सबसे ज्यादा ध्यान
समय रैना की टिप्पणी के बाद शेरोन वर्मा ने अपने जवाब में कहा कि उन्होंने कम से कम अपना राज्य अपनी मर्जी से छोड़ा है। उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। कई यूजर्स ने इसे कॉमेडी के दौरान दिया गया करारा पलटवार बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे कश्मीरी पंडितों के विस्थापन के संदर्भ से जोड़कर आपत्ति जताई।
बिहार-कश्मीर विवाद पर नेताओं ने क्या कहा?
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने किसी भी नागरिक के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि जाति या समुदाय के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए और इस तरह की टिप्पणियां समाज में विभाजन पैदा कर सकती हैं। वहीं, शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने भी समय रैना की आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि कॉमेडी में जाति, राज्य और धर्म जैसे संवेदनशील मुद्दों को क्यों शामिल किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि मनोरंजन के लिए ऐसी सीमाओं को पार नहीं करना चाहिए।
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि कॉमेडी को कॉमेडी की तरह लेना चाहिए, लेकिन उन्होंने बिहार से जुड़े मजाक और कश्मीर से जुड़े जवाब दोनों पर असहजता जताई। खासतौर पर उन्होंने कश्मीरी पंडितों के साथ हुई त्रासदी के संदर्भ को संवेदनशील बताया।
इसे भी पढ़ें: Netflix पर छाई 6 एपिसोड की ये इंडियन सीरीज, 40 देशों में मचा रही धूम, क्या आपने देखी?
जम्मू-कश्मीर से भी आया रिएक्शन
PDP नेता सैयद तजामुल इस्लाम ने कश्मीरी पंडितों के सम्मान की बात करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर उनकी मौजूदगी के बिना अधूरा है। वहीं BJP विधायक आरएस पठानिया ने भी इस तरह की टिप्पणियों की आलोचना की।
इसे भी पढ़ें: 'Race 4' में सैफ-सलमान का पत्ता साफ? आमिर खान की एंट्री पर आया बड़ा अपडेट
