Sanjay Dutt Box Office Record: संजय दत्त ने 2026 में बॉक्स ऑफिस पर ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसे तोड़ना आसान नहीं होगा। सिर्फ 5 महीनों में रिलीज हुई उनकी 3 फिल्मों ने दुनियाभर में 2109 करोड़ रुपए से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। खास बात यह है कि संजय दत्त ने यह कारनामा हीरो नहीं, बल्कि खतरनाक विलेन बनकर किया है।

2026 संजय दत्त के नाम होता दिखाई दे रहा है। बॉलीवुड के ‘ओजी खलनायक’ ने इस साल बॉक्स ऑफिस पर ऐसा दबदबा बनाया है कि बड़े-बड़े सुपरस्टार पीछे छूट गए हैं। ‘धुरंधर 2’, ‘द राजा साब’ और ‘राजा शिवाजी’ जैसी फिल्मों में निगेटिव और ग्रे शेड किरदार निभाते हुए संजय दत्त ने दुनियाभर में 2109 करोड़ रुपए से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन अपने नाम कर लिया है। सबसे बड़ी बात यह है कि इनमें अकेले ‘धुरंधर 2’ ने 1800 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला दिया। अब संजय दत्त 2026 के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले इंडियन एक्टर बन चुके हैं।

‘धुरंधर 2’ बना सबसे बड़ा गेम चेंजर

रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ इस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो चुकी है। फिल्म में संजय दत्त ने एसपी असलम चौधरी का दमदार निगेटिव किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। सिर्फ 50 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 1830.32 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया। यही फिल्म संजय दत्त के 2000 करोड़ क्लब तक पहुंचने की सबसे बड़ी वजह बनी। फिल्म की लगातार चल रही कमाई ने इसे इंडियन सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल कर दिया है।

यह भी पढ़ें : Drishyam 3 के लिए मेकर्स ने खेला माइंड गेम, ऐसे सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनेगी मोहनलाल की फिल्म!

फ्लॉप फिल्म ने भी बढ़ाया संजय दत्त का रिकॉर्ड

हालांकि ‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन फिर भी फिल्म ने दुनियाभर में 206.57 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया। वहीं ऐतिहासिक ड्रामा ‘राजा शिवाजी’ में अफजल खान के किरदार में संजय दत्त को काफी चर्चा मिली। फिल्म ने शुरुआती 8 दिनों में 72.33 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन किया। तीनों फिल्मों की कुल कमाई अब 2109.22 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है।

यह भी पढ़ें : OTT Release This Week: 2 धांसू फ़िल्में, 6 धमाकेदार वेब सीरीज, इस हफ्ते आ रहा मनोरंजन का तूफ़ान!

विलेन बनकर छाए संजय दत्त, आगे भी बड़े धमाके बाकी

संजय दत्त इस वक्त अपने करियर के नए ‘खलनायक दौर’ में दिखाई दे रहे हैं। वह लगातार ऐसे किरदार चुन रहे हैं, जो डार्क, खतरनाक और दमदार हैं। दर्शक भी उन्हें एंटी-हीरो और विलेन अवतार में काफी पसंद कर रहे हैं। अब संजय दत्त ‘आखिरी सवाल’ और ‘खलनायक रिटर्न्स’ जैसी फिल्मों में नजर आएंगे। ऐसे में साफ है कि आने वाले महीनों में भी बॉक्स ऑफिस पर उनका दबदबा जारी रह सकता है।