- Home
- Entertainment
- सलमान खान के साथ फिर बनेगी जोड़ी, बेटी सुहाना संग भी दिखेंगे शाहरुख खान, जानिए अपकमिंग फिल्में
सलमान खान के साथ फिर बनेगी जोड़ी, बेटी सुहाना संग भी दिखेंगे शाहरुख खान, जानिए अपकमिंग फिल्में
Shah Rukh Khan Birthday: 2 नवंबर को शाहरुख खान अपना 61वां जन्मदिन मनाएंगे। इस मौके पर हम यहां बताएंगे बॉलीवुड के ‘किंग खान’ की अपकमिंग मूवी। जिसे जानने के लिए फैंस बेताब हैं।

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मनाएंगे। उनके जन्मदिन का इंतजार सिर्फ फैंस को ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री को भी रहता है। इसकी एक बड़ी वजह उनकी फिल्मों को लेकर जबरदस्त दीवानगी है। साल 2023 में 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' से बॉक्स ऑफिस पर अपनी धाक जमाने के बाद शाहरुख अब अपनी अगली फिल्मों के साथ बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी कर रहे हैं।

'किंग' (King)
शाहरुख खान की आने वाली फिल्मों में सबसे खास नाम 'किंग' का है। इस एक्शन एंटरटेनर का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसकी रिलीज डेट रेड चिलीज एंटरटेनमेंट की आधिकारिक वेबसाइट पर भी दी गई है। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। सुहाना पहली बार अपने पिता के साथ बड़े पर्दे पर अभिनय करती दिखाई देंगी। फिल्म की स्टारकास्ट में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और राघव जुयाल जैसे कलाकार भी शामिल हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन विलेन की भूमिका में दिखाई देंगे।
'टाइगर वर्सेस पठान' (Tiger vs Pathaan)
शाहरुख खान और सलमान खान को एक बार फिर साथ देखने की चाह रखने वाले फैंस के लिए 'टाइगर वर्सेस पठान' खास फिल्म हो सकती है। यह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है। इस फिल्म में सलमान खान अपने टाइगर और शाहरुख खान अपने पठान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी सिद्धार्थ आनंद को दिए जाने की जानकारी सामने आई है। फिल्म को 2027 के प्रोजेक्ट के तौर पर लिस्ट किया गया है, लेकिन इसकी शूटिंग और रिलीज की पक्की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
'पठान 2' (Pathaan 2)
शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' साल 2023 की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही थी। इस फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण नजर आई थीं, जबकि जॉन अब्राहम ने विलेन का किरदार निभाया था। फिल्म की सफलता के बाद इसके सीक्वल 'पठान 2' को लेकर काफी समय से चर्चा है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शाहरुख इस फिल्म में एक बार फिर स्पाई एजेंट पठान के किरदार में लौट सकते हैं। हालांकि, अभी तक फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट और शूटिंग शेड्यूल की पुष्टि नहीं हुई है।
इसे भी पढ़ें: शाहरुख खान को लगा था फिल्मों में आने में देर हो गई, तब मां की 1 इच्छा ने बदल दिया सबकुछ
टीवी से बॉलीवुड के बादशाह बनने तक का सफर
शाहरुख खान का जन्म 2 नवंबर 1965 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। 'फौजी' और 'सर्कस' जैसे धारावाहिकों से पहचान बनाने के बाद उन्होंने 1992 में फिल्म 'दीवाना' से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद 'बाजीगर', 'डर', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'कुछ कुछ होता है', 'मोहब्बतें', 'चक दे इंडिया', 'स्वदेश', 'माई नेम इज खान', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'रईस' और 'जीरो' जैसी फिल्मों में काम किया। साल 2023 शाहरुख के करियर के लिए खास रहा। इस साल उनकी 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' रिलीज हुईं।
और पढ़ें: King New Poster: होठों में गुलाब...हाथों में पिस्तौल, शाहरुख खान का 'किंग' लुक देख फैंस हुए पागल
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।



