Raj Kundra Jail Experience: राज कुंद्रा ने 2021 पोर्नोग्राफी केस में 63 दिन जेल में बिताए। इस मुश्किल हालात में शिल्पा शेट्टी संग तलाक खबरों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं।

बिजनेसमैन से एक्टर बने राज कुंद्रा ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। 2021 के पोर्नोग्राफी केस में गिरफ्तारी के बाद राज कुंद्रा ने मुंबई की आर्थर रोड जेल में 63 दिन बिताए थे। अब एक बातचीत में उन्होंने जेल के मुश्किल हालात, तेजी से घटे वजन और उस वक्त सामने आई शिल्पा शेट्टी से तलाक की अफवाहों को लेकर खुलकर बात की है।

63 दिन जेल में रहे राज कुंद्रा

राज कुंद्रा ने बताया कि जेल में बिताए 63 दिन उनके लिए बेहद मुश्किल थे। उनके मुताबिक, वहां की परिस्थितियां इतनी कठिन थीं कि कई कैदियों को बेहद कम जगह में रखा जाता था। जेल के खाने से भी वह परेशान थे और उन्होंने दावा किया कि ज्यादातर समय पार्ले-जी बिस्किट और पानी के सहारे गुजारा किया। इस दौरान उनका करीब 17-18 किलो वजन कम हो गया था।

और पढ़ें - सुनीता आहूजा बेटे यशवर्धन संग पहुंचीं फैमिली कोर्ट, तलाक पर पैपराजी को दिया ये जवाब

शिल्पा से तलाक की खबर ने बढ़ा दिया था तनाव

जेल में रहते हुए राज को मीडिया के जरिए ऐसी खबर मिली कि उनकी पत्नी शिल्पा शेट्टी उन्हें छोड़ने वाली हैं और दोनों का तलाक होने वाला है। राज ने बताया कि यह खबर सुनकर वह बुरी तरह टूट गए थे। उनके मुताबिक, वह पहले ही जेल के हालात से जूझ रहे थे और उस वक्त उनके लिए परिवार सबसे बड़ी ताकत था। ऐसे में शिल्पा के अलग होने की खबर ने उन्हें अंदर से झकझोर दिया। उन्होंने बताया कि उस रात वह सो नहीं पाए और उन्हें लगा कि जिंदगी खत्म कर देनी चाहिए।

शिल्पा के एक फोन ने बदल दिया सबकुछ

हालांकि अगले दिन राज की शिल्पा से फोन पर बात हुई। शिल्पा ने उन्हें भरोसा दिलाया कि तलाक की खबरें गलत हैं और वह उनके साथ हैं। राज के मुताबिक, शिल्पा की इस बात ने उन्हें दोबारा हिम्मत दी। उन्होंने बताया कि पत्नी से बात करने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि अगर शिल्पा उनके साथ हैं तो वह बाकी मुश्किलों का सामना कर सकते हैं। राज ने शिल्पा को उस दौर में अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया।

और पढ़ें - Kangana Ranaut Flop Movies: कंगना रनौत की 10 मेगाबजट फिल्में रहीं सुपरफ्लॉप, बॉक्स ऑफिस पर हफ्ताभर भी नहीं टिकीं

2021 में पोर्नोग्राफी केस में हुई थी गिरफ्तारी

राज कुंद्रा को जुलाई 2021 में कथित अश्लील कंटेंट बनाने और उसके वितरण से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले की जांच की थी। राज ने आरोपों से इनकार किया था और खुद को मामले में फंसाए जाने की बात कही थी। सितंबर 2021 में उन्हें जमानत मिल गई थी। इस पूरे विवाद और जेल के अनुभव पर राज बाद में फिल्म ‘यूटी 69’ में भी नजर आए थे, जिसमें उन्होंने खुद का किरदार निभाया था। अब अपने पुराने अनुभवों को याद करते हुए राज ने बताया है कि जेल का वह दौर उनके लिए जिंदगी के सबसे कठिन अध्यायों में से एक था।

मुश्किल दौर के बाद बदली जिंदगी

राज कुंद्रा के मुताबिक, जेल का अनुभव उनके लिए सिर्फ एक कानूनी लड़ाई नहीं था, बल्कि मानसिक और भावनात्मक तौर पर भी बेहद चुनौतीपूर्ण समय था। हालांकि, उनका कहना है कि इस अनुभव ने उन्हें जिंदगी को नए नजरिए से देखने का मौका दिया और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी।