55 साल के सोहेल खान के घटे वजन पर ओजेम्पिक इस्तेमाल की चर्चा तेज थी। अब एक्टर ने साफ किया कि बीमारी, डाइट और ‘द एलायंस’ के अनुभव से उनका ट्रांसफॉर्मेशन हुआ।

सलमान खान के छोटे भाई सोहेल खान बीते कुछ समय से अपने घटे वजन और अजीब से लुक की वजह से चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर लोग लगातार इसकी वजह जानना चाह रहे हैं। एक्टर की बदली हुई बॉडी देखकर कुछ यूजर्स ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई, तो कुछ ने सवाल किया कि कहीं वजन घटाने के लिए ओजेम्पिक या फैट बर्निंग सप्लीमेंट्स का इस्तेमाल तो नहीं किया गया। अब खुद सोहेल खान ने इन अटकलों पर खुद सफाई दी है। द एलायंस में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आए एक्टर ने बताया कि रियलिटी शो के दौरान उनकी तबीयत खराब हुई थी और पेट में संक्रमण के बावजूद उन्होंने करीब पांच हफ्ते शो में बिताए। सोहेल के मुताबिक, बीमारी के बाद उन्होंने अपनी डाइट और फिटनेस पर ज्यादा ध्यान दिया।

सोहेल खान का वजन क्यों घटा?

सोहेल ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में बताया कि द एलायंस उनका पहला रियलिटी टीवी अनुभव था। शो के घर में रहने के शुरुआती दिनों में उन्हें थोड़ा घुटन जैसा महसूस हुआ। इसके बाद पहले ही हफ्ते उन्हें पेट का इन्फेक्शन हो गया। उन्होंने कहा, “पहले हफ्ते में ही पेट की बीमारी ने इसे और मुश्किल बना दिया।” तबीयत खराब होने के बावजूद वह पांच हफ्ते तक शो का हिस्सा बने रहे। एक्टर ने बताया कि बीमारी के बाद उन्होंने खाने-पीने की आदतों पर ज्यादा ध्यान देना शुरू किया। उनका फोकस डाइट को मैनेज करने और चुनौतियों के लिए फिट रहने पर रहा। हालांकि, उन्होंने अपने वजन घटने को किसी खास दवा का नतीजा नहीं बताया। उनके मुताबिक, शो में उन्हें कंटेस्टेंट्स से मिले प्यार और चिंता ने मुश्किल दौर में टिके रहने की ताकत दी।

क्या सोहेल खान ने ओजेम्पिक या फैट बर्नर लिया?

सोहेल ने अटकलों को सीधे खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “तो न ओजेम्पिक, न फैट बर्नर, मैं सिर्फ हर किसी से मिलने वाला ढेर सारा प्यार और स्नेह ले रहा हूं।” इस बयान के जरिए उन्होंने साफ किया कि उनके मुताबिक वजन कम होने के पीछे किसी वजन घटाने वाली दवा या सप्लीमेंट का हाथ नहीं है। शो में सोहेल को सपोर्ट करने पहुंचे उनके भाई सलमान खान ने पहले ही बताया था कि सोहेल करीब 12 किलो वजन घटा चुके हैं। इसके बाद रियलिटी शो की पार्टी से उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आए, जिनमें उनका लुक पहले से काफी बदला नजर आया। इसी के बाद सोशल मीडिया पर वजन घटने की वजह को लेकर नई अटकलें शुरू हुईं।

‘द एलायंस’ से सोहेल को क्या मिला?

सोहेल के लिए शो सिर्फ वजन और फिटनेस में बदलाव तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने बताया कि कंटेस्टेंट्स के साथ उनके करीबी रिश्ते बने और वह उन्हें अपनी “नई फैमिली और दोस्त” मानते हैं। एक्टर ने उम्मीद जताई कि शो खत्म होने के बाद भी ये रिश्ते लंबे समय तक बने रहेंगे।