फिल्म 'पुष्पा 2' की रिलीज़ के एक दिन पहले हुए हादसे के बाद अल्लू अर्जुन को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस भगदड़ में एक महिला की जान चली गई थी।

एंटरटेनमेंट डेस्क. अपनी फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' की सक्सेस का जश्न मना रहे अल्लू अर्जुन को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अल्लू अर्जुन को 'पुष्पा 2' की रिलीज से एक दिन पहले हैदराबाद के संध्या थिएटर में मची भगदड़ केस में अरेस्ट किया गया है, जिसमें एक 39 साल की महिला की मौत हो गई थी। गिरफ्तारी के बाद अल्लू अर्जुन को कथिततौर पर हैदराबाद के चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। मामले में अभी और जानकारी आनी बाक़ी है। लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो महिला के पति ने अल्लू अर्जुन के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी और पुलिस ने इसी पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अल्लू अर्जुन को कौन-सी गलती पड़ गई भारी?

4 दिसंबर की शाम जब हैदराबाद के संध्या थिएटर में 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग रखी गई थी तो अल्लू अर्जुन भी वहां अपने फैन्स से मुखातिब होने पहुंचे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, सुपरस्टार पर आरोप है कि अपनी इस यात्रा के बारे में उन्होंने या उनकी टीम या थिएटर मैनेजमेंट ने तेलंगाना पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी थी। थिएटर मैनेजमेंट इस बारे में जानता था, लेकिन अगर पुलिस को इस बात की जानकारी होती तो थिएटर में सुरक्षा और भी पुख्ता इंतजाम हो सकते थे। इसके अलावा थिएटर में ऑडियंस के आने और जाने के लिए अलग-अलग द्वार नहीं थे। थिएटर में भारी भीड़ जमा हो गई थी। लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम ना होने की वजह से वहां भगदड़ मच गई और इसमें 39 साल की महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी।

क्या है 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग में भगदड़ का पूरा मामला?

दरअसल, 'पुष्पा 2' की रिलीज से एक दिन पहले 4 दिसंबर की शाम फिल्म का स्पेशल शो संध्या थिएटर में रखा गया था। अन्य दर्शकों की तरह 39 साल की एम. रेवती पति एम. भास्कर, 9 साल के बेटे और 7 साल की बेटी के साथ फिल्म देखने पहुंची थीं। इसी दौरान थिएटर में भगदड़ मच गई और वे और उनका बेटा पति और बेटी से अलग हो गए। भगदड़ में दम घुटने से रेवती की जान चली गई और उनका बेटा बुरी तरह घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के घरवालों ने अगले दिन अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर मैनेजमेंट के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। अल्लू अर्जुन ने खबर मिलते ही महिला की मौत पर शोक जताया था और उसके परिवार वालों को 25 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया था। अल्लू अर्जुन ने उनके खिलाफ दर्ज हुए केस को खारिज करने के लिए तेलंगाना हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिस पर अभी सुनवाई होनी बाकी है।