Dev Anand son Suneil Anand Death: अभिनेता देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का 70 वर्ष की उम्र में लंदन में निधन हो गया। एक्टिंग के बाद उन्होंने पिता का प्रोडक्शन हाउस नवकेतन फिल्म्स संभाला था।
हिंदी सिनेमा के सदाबहार अभिनेता देव आनंद के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनके इकलौते बेटे सुनील आनंद (Suneil Anand) का 70 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने 26 जुलाई को लंदन में हार्ट अटैक के कारण अंतिम सांस ली। इस दुखद खबर की पुष्टि देव आनंद की पोती जीना नारंग ने परिवार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में की है।
परिवार ने जारी किया इमोशनल बयान
देव आनंद की पोती जीना नारंग ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि पूरा परिवार सुनील आनंद के निधन से गहरे सदमे में है। उन्होंने इस कठिन समय में मिल रहे प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए सभी का आभार जताया। बयान में परिवार ने लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील भी की। जीना ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में परिवार को एक-दूसरे के साथ समय बिताने और इस दुख से उबरने के लिए निजी स्पेस की जरूरत है।
रिपोर्ट में हार्ट अटैक को बताया गया वजह
परिवार की ओर से जारी बयान में निधन का कारण नहीं बताया गया, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुनील आनंद की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद बॉलीवुड और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है।
देव आनंद के इकलौते बेटे थे सुनील आनंद
सुनील आनंद का जन्म 30 जून 1956 को ज्यूरिख, स्विट्जरलैंड में हुआ था। उस समय उनके माता-पिता देव आनंद और कल्पना कार्तिक एक फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने के लिए विदेश गए हुए थे। उन्होंने अमेरिका से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद हांगकांग में विंग चुन मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली और फिर बॉलीवुड में करियर बनाने के लिए भारत लौट आए।
और पढ़ें - समय रैना ने उड़ाया आलिया भट्ट की 'Alpha' का मजाक, बोले- 'उसकी भी नहीं चली...'
देव आनंद ने बेटे को किया था लॉन्च
देव आनंद ने साल 1984 में फिल्म 'आनंद और आनंद' के जरिए अपने बेटे सुनील आनंद को बॉलीवुड में लॉन्च किया था। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। इसके बाद सुनील आनंद 'कार थीफ' और 'मैं तेरे लिए' जैसी फिल्मों में भी नजर आए, लेकिन उन्हें अभिनय के क्षेत्र में वह सफलता नहीं मिल सकी जिसकी उम्मीद की जा रही थी।
सुनील आनंद ने संभाली नवकेतन फिल्म्स की जिम्मेदारी
अभिनय में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद सुनील आनंद ने फिल्मों के निर्माण और प्रोडक्शन की ओर रुख किया। उन्होंने अपने पिता के प्रतिष्ठित बैनर नवकेतन फिल्म्स (Navketan Films) की जिम्मेदारी संभाली और लंबे समय तक इसके संचालन में अहम भूमिका निभाई। पिछले कई वर्षों से वह मीडिया और लाइमलाइट से दूर रहकर निजी जीवन बिता रहे थे। सुनील आनंद के निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे शख्स को खो दिया, जो भले ही पर्दे पर अपने पिता जैसी सफलता हासिल नहीं कर सके, लेकिन फिल्मी विरासत को आगे बढ़ाने में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
