'बंटवारा 1947' के प्रमोशन के दौरान सनी देओल ने पाकिस्तान को लेकर धर्मेंद्र की पुरानी टिप्पणी दोहराई। बयान वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई।
'बंटवारा 1947' की रिलीज से पहले सनी देओल एक नए विवाद में घिर गए हैं। पटना में फिल्म के प्रमोशन के दौरान पाकिस्तान पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने अपने पिता और दिग्गज दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र की पुरानी बात दोहराते हुए पाकिस्तान को मौसी तक बता डाला। सनी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद कई यूजर्स ने उनकी आलोचना शुरू कर दी। वहीं कुछ लोगों ने इसे फिल्म के प्रमोशन से जोड़कर भी देखा। इस बीच फिल्म की स्टारकास्ट और कहानी भी लगातार चर्चा में बनी हुई है।
'बंटवारा 1947' प्रमोशन में सनी देओल ने क्या कहा?
पटना में 'बंटवारा 1947' के प्रमोशन के दौरान सनी देओल से पाकिस्तान को लेकर सवाल पूछा गया। चूंकि फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है, इसलिए उनसे पड़ोसी देश को लेकर राय जाननी चाही गई। सनी देओल ने जवाब दिया, "पहले दोनों देश एक ही थे। जैसे मेरे पिता कहा करते थे कि भारत मां है और पाकिस्तान भारत से ही निकला, इसलिए वह मौसी हुआ। हम सभी एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।"
यह भी पढ़ें : वो साल, जब आई थीं सनी देओल की सबसे ज्यादा फ़िल्में, एक के लिए मिला था नेशनल अवॉर्ड!
सनी देओल के बयान पर सोशल मीडिया क्यों भड़क गया?
सनी देओल का यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स ने उनके बयान पर नाराजगी जताई और मौजूदा भारत-पाकिस्तान संबंधों का हवाला देते हुए सवाल उठाए। मसलन एक यूजर ने लिखा, "अगर अवसरवाद भी एक कला है, तो सनी देओल उसके सबसे बड़े कलाकार हैं।" एक अन्य यूजर का कमेंट है, ""पूरा बॉलीवुड ऐसा ही है। इसमें कोई अपवाद नहीं। क्या आपने परेश रावल के हालिया इंटरव्यू नहीं देखे?"
एक अन्य यूजर ने फिल्म पर निशाना साधते हुए लिखा, “'इक्कीस' में दिवंगत धर्मेंद्र पाकिस्तान पर पूछे जाने पर कहते हैं, 'कौन दुश्मन?' 'अल्फा' में बॉबी देओल का किरदार रास्ता बदल देता है और अब 'बंटवारा 1947' के लिए सनी देओल पाकिस्तान को मौसी बता रहे हैं। पैटर्न समझिए।” एक अन्य कमेंट में लिखा गया, "ऐसे कलाकारों से नफरत होती है जो हकीकत से बहुत दूर रहते हैं। क्या उन्हें भारत-पाकिस्तान के मौजूदा हालात का अंदाजा नहीं है? क्या कभी पाकिस्तानी कलाकारों को भारत के बारे में इस तरह बोलते देखा है? यह सिर्फ लोगों को बहलाने की कोशिश है।"
यह भी पढ़ें : वो 6 फ़िल्में, जिनमें सनी देओल बने मुसलमान, एक हिट, 4 फ्लॉप, छठी रिलीज को तैयार
'बंटवारा 1947' की कहानी क्या है?
'बंटवारा 1947' भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी पीरियड ड्रामा फिल्म है। कहानी एक ऐसे परिवार के संघर्ष को दिखाती है, जो हिंसा, विस्थापन और बिछड़ने के दर्द के बीच अपनी जिंदगी बचाने की कोशिश करता है। फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रिटी जी जिंटा, अली फजल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का डायरेक्शन राजकुमार संतोषी ने किया है और आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले इसका निर्माण हुआ है।
