Tiger Shroff Attack Case Update: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ी अपडेट आ रही है। जुहू में कार पर गोलियां चलाने वाले तीनों शूटर गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
Tiger Shroff Firing Case Latest Update: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमला करने वाले तीनों शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई से भागने के बाद इन हमलावरों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से सफर करते वक्त पकड़ा गया। पुलिस के हत्थे चढ़े ये तीनों आरोपी ट्रेंड शूटर बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों को शक है कि ये पूरी तरह से ट्रेंड शूटर हैं। पकड़े गए तीन हमलावरों में से दो हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी महाराष्ट्र का ही है। इन तीनों के तार सीधे तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
'संडे रूटीन' पर रखी नजर और की पूरी रेकी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने अचानक से गोलियां नहीं चलाईं, बल्कि इसके पीछे एक बड़ी प्लानिंग थी। शूटरों ने घटना को अंजाम देने से पहले टाइगर श्रॉफ के हफ्ते भर के रूटीन (वीकली रूटीन) की बहुत बारीकी से रेकी की थी। उन्हें इस बात की पूरी जानकारी थी कि टाइगर हर रविवार को जुहू के फुटबॉल ग्राउंड में खेलने आते हैं। इसी रूटीन को ट्रैक करते हुए शूटरों ने ग्राउंड के बाहर इंतजार किया और जैसे ही टाइगर अपनी कार से वहां से निकले, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
अंधेरी में बाइक छोड़ी, गुजरात होते हुए पहुंचे राजस्थान
फायरिंग के बाद पुलिस से बचने के लिए शूटरों ने एक 'प्री-प्लान्ड' (पहले से तय) एस्केप रूट का इस्तेमाल किया। गोलियां चलाने के बाद वे अपनी बाइक से एसवी रोड होते हुए विले पार्ले और फिर अंधेरी की तरफ भागे। उन्होंने अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दी और वहां से बोरीवली जाने वाली ट्रेन पकड़ ली। ANI की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ये आरोपी पहले महाराष्ट्र का बॉर्डर पार करके गुजरात में दाखिल हुए। वहां से वे ट्रेन के जरिए आगे भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर ही धर दबोचा।
क्या लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है मामला?
इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित कनेक्शन भी जांच का अहम हिस्सा है। एजेंसियां पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि तीनों संदिग्धों का गैंग से किस तरह का संबंध है और क्या हमले के पीछे किसी दूसरे व्यक्ति ने भी भूमिका निभाई थी। फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच में कई अहम सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस की आगे की कार्रवाई और आधिकारिक बयान से मामले की तस्वीर और साफ हो सकती है।








