Tiger Shroff Firing Update: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद CM फडणवीस सख्त हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, 'हमलावर विदेश में भी छिपे होंगे, तो खींच लाएंगे।'
CM Devendra Fadnavis on Tiger Shroff Firing: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुए फायरिंग के बाद महाराष्ट्र सरकार पूरी तरह से एक्शन में आ गई है। सोमवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हमलावरों को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि वे चाहे राज्य के बाहर हों या विदेश में छिपे हों, उन्हें हर हाल में ढूंढकर गिरफ्तार किया जाएगा। नागपुर में मीडिया से बात करते हुए सीएम ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया। सीएम ने कहा कि 'हमलावर सात समंदर पार भी छिपे होंगे, तो खींच लाएंगे...।' जानिए सरकार और पुलिस इस मामले में क्या कदम उठा रही है...
'छिपकर वार करने वाले कायर हैं'- सीएम फडणवीस
मुख्यमंत्री ने इस हमले की निंदा करते हुए हमलावरों को 'कायर' बताया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि 'ये लोग अंधेरे में छिपकर वार करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हम इनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे।' सीएम ने जानकारी दी कि मुंबई पुलिस ने इस मामले को पूरी गंभीरता से लिया है। पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं और कुछ संदिग्धों की पहचान भी कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी बहुत जल्द होगी। फडणवीस ने यह भी साफ किया कि अगर ये अपराधी भारत के बाहर से अपना नेटवर्क चला रहे हैं, तो राज्य सरकार दूसरे राज्यों और केंद्र सरकार की मदद लेकर उन्हें ट्रैक करेगी।
टाइगर श्रॉफ को दिया सुरक्षा का भरोसा
घटना के बाद रविवार को ही सीएम फडणवीस ने 36 साल टाइगर श्रॉफ से फोन पर बात की थी। सीएम ने उन्हें चिंता न करने की सलाह देते हुए पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा, 'हमने टाइगर से कहा है कि हम इस हमले के जिम्मेदारों को खोज निकालेंगे और उनकी पूरी हिफाजत सुनिश्चित करेंगे।'
15 टीमें कर रहीं हमलावरों की तलाश
रविवार शाम जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास टाइगर की कार पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं। इसमें एक्टर बाल-बाल बच गए। इस हमले में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस और पास ही मौजूद एक ऑटो ड्राइवर को चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमले के तुरंत बाद टाइगर श्रॉफ खुद ड्राइविंग सीट पर बैठे और तेजी से गाड़ी वहां से निकाल ले गए।
मुंबई पुलिस का कड़ा एक्शन
मुंबई पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच और लोकल पुलिस की 15 स्पेशल टीमें बनाई हैं। इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि कितने हमलावर थे और वे कौन थे। एक फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए हैं और कार की जांच की है ताकि पता चल सके कि असल में कितनी गोलियां चली थीं। मुख्यमंत्री ऑफिस (CMO) के मुताबिक, सीएम ने मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है और जांच तेज करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
विपक्ष ने उठाए सवाल
दूसरी तरफ, सरेआम हुई इस घटना के बाद राजनीति भी तेज हो गई है। विपक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है और आरोप लगाया है कि फडणवीस राज्य में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने में फेल हो रहे हैं।








