IPS Ankita Sharma: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की SP अंकिता शर्मा का दशहरे पर शस्त्र पूजा के बाद हवाई फ़ायरिंग करते हुए वीडियो चर्चा में है। इस घटना के बाद उनके पुलिस करियर और UPSC की तैयारी को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। तो आइए जानते हैं उनकी पूरी प्रोफाइल?

छत्तीसगढ़ की IPS अधिकारी अंकिता शर्मा इन दिनों चर्चा में हैं। विजयादशमी के मौके पर राजनांदगांव की पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा के बाद उनका AK-47 से हवाई फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दौरान वह नीली साड़ी पहने नजर आईं। इस वीडियो के बाद लोग उनके बारे में जानना चाहते हैं। आइए जानते हैं उनकी पढ़ाई, UPSC की सफलता और पुलिस करियर के बारे में।

कौन हैं IPS अंकिता शर्मा?

अंकिता शर्मा छत्तीसगढ़ कैडर की 2018 बैच की IPS अधिकारी हैं। उनका जन्म 25 जून 1990 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हुआ था। वह फिलहाल राजनांदगांव जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में उन्हें उनकी सख्त कार्यशैली के कारण 'लेडी सिंघम' भी कहा जाता है।

MBA में गोल्ड मेडल, फिर UPSC की तैयारी

  • अंकिता शर्मा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई छत्तीसगढ़ में की। इसके बाद उन्होंने स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय से MBA की पढ़ाई पूरी की। बताया जाता है कि उन्होंने MBA में गोल्ड मेडल हासिल किया था।
  • पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा में जाने का फैसला किया। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2017 में अपने तीसरे प्रयास में सफलता हासिल की और ऑल इंडिया रैंक 203 प्राप्त की। इसके बाद उन्हें अपने गृह राज्य छत्तीसगढ़ का कैडर मिला।
  • अंकिता शर्मा के पति विवेकानंद शुक्ला भारतीय सेना में अधिकारी हैं।

भाटापारा से शुरू हुआ पुलिस करियर

  • IPS बनने के बाद अंकिता शर्मा की शुरुआती पोस्टिंग भाटापारा में हुई। इसके बाद उन्होंने रायपुर के आजाद चौक क्षेत्र में CSP के तौर पर काम किया। मई 2022 में उन्हें खैरागढ़ जिले का SP बनाया गया। वह इस जिले की पहली महिला पुलिस अधीक्षक बनीं।
  • उन्होंने नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में भी काम किया और नक्सल विरोधी अभियानों से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं। उनके करियर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस की कार्रवाई से जुड़े कई अहम काम शामिल रहे हैं।

विजयादशमी पर क्यों चर्चा में आया वीडियो?

विजयादशमी पर राजनांदगांव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हथियारों की पूजा की। पूजा के बाद अंकिता शर्मा AK-47 से हवाई फायरिंग करती नजर आईं। साड़ी में उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

Scroll to load tweet…