Mecca Masjid Kiss Controversy: सउदी अरब में स्वीटी अख्तर को मौत की सजा दिए जाने की खबर के बाद बांग्लादेश में उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, 4 साल की बेटी अपनी मां के जिंदा लौटने की राह देख रही है।
बांग्लादेश की स्वीटी अख्तर के परिवार को अब तक यह नहीं पता कि उनकी बेटी के साथ आखिर क्या हुआ है। सऊदी अरब में स्वीटी को कथित तौर पर मौत की सजा दिए जाने की खबर सामने आने के बाद से उसके माता-पिता परेशान हैं। परिवार को बांग्लादेश सरकार की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। स्वीटी की मां जोहरा ने सरकार से बेटी के बारे में जानकारी देने की अपील की है।
क्या है पूरा मामला?
स्वीटी अख्तर उन दो बांग्लादेशी नागरिकों में शामिल थीं, जिन्हें 14 अक्टूबर 2026 को सऊदी अरब में मृत्युदंड दिया गया। सऊदी गृह मंत्रालय के अनुसार, स्वीटी और नजरुल इस्लाम ने मक्का की एक मस्जिद में कथित तौर पर अनैतिक कृत्य (Kiss) किया था। अदालत ने ताजीर के तहत दोनों को मौत की सजा सुनाई थी, जिसे उच्च अदालत ने बरकरार रखा और शाही आदेश से लागू किया गया।
कर्ज लेकर बेटी को भेजा था सऊदी अरब
- बांग्लादेश के तंगैल में रहने वाले स्वीटी के पिता फजल मियां दिहाड़ी मजदूर हैं और मिट्टी खोदने का काम करते हैं।
- उन्होंने 4 साल पहले बेटी को सऊदी अरब भेजने के लिए 1.5 लाख टका कर्ज लिया था।
- स्वीटी की शादी टूट चुकी थी और उसने दोबारा शादी नहीं की थी। परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए वह विदेश गई थी।
- फजल मियां के मुताबिक, स्वीटी ने शुरुआती 5 महीनों तक घर पैसे भेजे। इसके बाद उसने फोन कर बताया कि उसे जेल में डाल दिया गया है।
- स्वीटी ने परिवार को बताया था कि सऊदी अरब में दूसरी महिला कर्मचारियों के साथ झगड़े के बाद उसे फंसाकर गिरफ्तार किया गया।
एक साल तक परिवार का स्वीटी से संपर्क नहीं हुआ
- फजल मियां ने बांग्लादेश के अखबार द डेली स्टार को बताया कि गिरफ्तारी के बाद करीब एक साल तक परिवार की स्वीटी से बात नहीं हो पाई।
- बाद में उसने दोबारा फोन करना शुरू किया और आमतौर पर महीने में एक बार घर पर बात करती थी।
- हालांकि, स्वीटी ने कभी अपने मुकदमे या सजा के बारे में परिवार को विस्तार से नहीं बताया। पिता के मुताबिक, अपनी आखिरी कुछ कॉल में से एक के दौरान उसने कहा था कि शायद दो महीने में वह जेल से रिहा हो जाएगी।
- करीब 15 दिन पहले भी स्वीटी ने परिवार को फोन किया था, लेकिन उस समय भी उसने सजा के बारे में कुछ नहीं बताया।
- स्वीटी अख्तर के पिता फजल मियां ने कहा कि परिवार को तीन दिन पहले स्वीटी को मौत की सजा दिए जाने की खबर मिली।
- उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि मेरी बेटी के साथ क्या हुआ है। हमें यह भी नहीं पता कि वह जिंदा है या मर चुकी है। हमने बस कुछ अफवाहें सुनी हैं।”
स्वीटी की 4 साल की बेटी कर रही मां का इंतजार
- स्वीटी की मां जोहरा ने बताया कि उनकी बेटी का तलाक हो चुका था और उसकी चार साल की एक बेटी है।
- स्वीटी के सऊदी अरब जाने के बाद उसकी बड़ी बहन ब्यूटी ने बच्ची की परवरिश की जिम्मेदारी संभाल ली।
- जोहरा ने सरकार से अपनी बेटी के बारे में आधिकारिक जानकारी देने की मांग की।
- उन्होंने कहा, “मुझे मेरी बेटी वापस चाहिए। चाहे वह जिंदा हो या मर चुकी हो।
नजरुल के पिता ने स्वीटी को बहू मानने से किया इनकार
- इस मामले में नजरुल इस्लाम के पिता अब्दुल बशीर ने कहा कि उनके बेटे की शादी नहीं हुई थी और उनका परिवार स्वीटी को नहीं जानता था।
- बांग्लादेशी न्यूज पोर्टल जागो न्यूज से बातचीत में उन्होंने बताया कि नजरुल को कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही विदेश भेज दिया गया था, ताकि वह परिवार की आर्थिक मदद कर सके।
- अब्दुल बशीर ने कहा, “उसने शादी कब की? वह महिला नजरुल की पत्नी नहीं थी। हम तो उसे जानते तक नहीं हैं। मैंने सुना है कि वे एक ही जगह पर काम करते थे।”









