Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में फायरिंग के बाद एकनाथ शिंदे की गैंगवॉर को लेकर सख्त चेतावनी दी है। वहीं, सीएम फडणवीस ने भी पुलिस को जांच के निर्देश दिए।

Tiger Shroff Mumbai Attack: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग के बाद महाराष्ट्र सरकार एक्शन में है। राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने टाइगर से उनके घर पर मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मुंबई में 90 के दशक वाला गैंगवॉर दोबारा शुरू नहीं होने दिया जाएगा। इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एकनाथ शिंदे के मुताबिक, फायरिंग के दौरान टाइगर श्रॉफ के दाहिने हाथ पर बारूद से जलने के निशान आए हैं। हालांकि, उन्हें गोली नहीं लगी। घटना के समय टाइगर अपनी BMW कार में थे। कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी। इस घटना में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो रिक्शा चालक भी घायल हुए हैं। शिंदे ने बताया कि टाइगर के परिवार और उनकी मां को सुरक्षा की चिंता है। परिवार ने उनसे कहा कि उनका किसी के साथ कोई झगड़ा या दुश्मनी नहीं है।

टाइगर श्रॉफ को लेकर एकनाथ शिंदे ने क्या कहा?

टाइगर से मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे ने साफ कहा कि मुंबई में किसी भी गैंग या व्यक्ति को डर फैलाने और गुंडागर्दी करने की छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं। शिंदे ने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह 90 के दशक में गैंगवॉर को खत्म किया गया था, उसी तरह अब इसे दोबारा शुरू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सेलिब्रिटीज से अपील की कि अगर उन्हें धमकी भरे फोन आते हैं, तो वे तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें।

Scroll to load tweet…

टाइगर श्रॉफ अटैक के बाद सीएम फडणवीस ने पुलिस को दिए निर्देश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी फायरिंग की घटना पर गंभीरता दिखाई है। उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से बात कर मामले की जानकारी ली। सीएम ने पुलिस को आरोपियों को जल्द पकड़ने, जांच में तेजी लाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने बाइक पर आए थे तीन हमलावर

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन लोग बाइक पर सवार होकर आए थे। इनमें से दो ने कथित तौर पर फायरिंग की, जबकि तीसरा बाइक लेकर भागने के लिए तैयार था। घटना के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। एक चश्मदीद के मुताबिक, संदिग्धों को फायरिंग से करीब आधे घंटे पहले एक वड़ा पाव की दुकान के पास देखा गया था। चश्मदीद ने बताया कि हमलावरों ने BMW की उस तरफ गोलियां चलाईं, जहां टाइगर के ड्राइवर बैठे थे। एक अन्य चश्मदीद के मुताबिक, फायरिंग के समय टाइगर ड्राइवर के पास आगे वाली सीट पर बैठे थे। घायल ड्राइवर को पीछे की सीट पर बैठाने के बाद टाइगर के खुद कार चलाकर अस्पताल पहुंचने का दावा भी किया गया है। हालांकि, इन बयानों की पुलिस से पुष्टि होना बाकी है।

गैंगस्टर ग्रुप के नाम से पोस्ट, एक शख्स हिरासत में

इस बीच, सोशल मीडिया पर गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से एक पोस्ट सामने आई है। पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के नाम पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और उनकी तलाश के बीच एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।