Tiger Shroff Car Firing Video: टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग का नया वीडियो सामने आया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, अभिनेता सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर और ब्लॉगर उमेश चव्हाण घायल हुए हैं। हमलावरों की तलाश जारी है।
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग का नया वीडियो सामने आने के बाद घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। वीडियो में फैंस की भीड़ के बीच बाइक सवार दो युवक कथित तौर पर हथियार निकालकर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर और कार्यक्रम की शूटिंग करने आए एक ब्लॉगर के घायल होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर कैसे हुई फायरिंग?
सामने आए वीडियो के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ कार में बैठकर प्रशंसकों का अभिवादन कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। वीडियो में एक युवक कार के सामने की ओर से गोली चलाता दिखाई देता है, जबकि दूसरा टाइगर के बगल वाली खिड़की की तरफ हथियार तानता नजर आता है।
वीडियो में दूसरे हथियार से गोली चलने की पुष्टि स्पष्ट नहीं होती। हालांकि, कार के बेहद करीब हुई इस घटना ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर चार राउंड फायरिंग करने के बाद बाइक से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस से महाराष्ट्र में सियासी भूचाल, विपक्ष ने पूछा- मुंबई में क्या हो रहा है?
ड्राइवर और ब्लॉगर घायल, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित
मुंबई पुलिस के डीसीपी मोहित गर्ग के मुताबिक, घटना शाम करीब सात बजे हुई। फायरिंग में टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित हैं। पुलिस के अनुसार, अभिनेता के ड्राइवर फिरदौस के हाथ में चोट आई है। वहीं, 35 वर्षीय ब्लॉगर उमेश चव्हाण भी गोली लगने से घायल हुए हैं। उन्हें छाती से करीब दो इंच नीचे गोली लगी होने की जानकारी दी गई है। उनका इलाज जारी है।
एकनाथ शिंदे ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर और टाइगर श्रॉफ से बात की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेलिब्रिटी हों या आम नागरिक, सभी की सुरक्षा सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है। शिंदे ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान, फायरिंग के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: सलमान खान की वजह से टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला? हमलावरों ने बताया अगला नंबर किसका






