टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में गिरफ्तार बबीता और राधा की कहानी सामने आई है। दोनों रोजगार के लिए सोनीपत गई थीं। पुलिस का आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर मुंबई में हथियारों का बैग पहुंचाया।

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें दो महिला भी शामिल है। इन दोनों महिलाओं की कहानी सामने आई है। एक महिला का नाम बबीता है, जबकि दूसरे का राधा। दोनों यूपी की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि दोनों काम की तलाश में हरियाणा के सोनीपत पहुंची थी। पुलिस का आरोप है कि दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर मुंबई पहुंचकर हथियारों से भरा बैग एक नाबालिग को सौंपा था। हालांकि, मामले में उनकी भूमिका को लेकर जांच जारी है।

कौन हैं बबीता और राधा?

The Indian Express रिपोर्ट के अनुसार, बबीता उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कोठियार गांव की रहने वाली हैं। वह तीन बहनों में सबसे छोटी हैं। उनके दोनों भाई दूसरे राज्यों में काम करते हैं, जबकि उनकी बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। बताया गया है कि बबीता करीब दो साल पहले रिश्तेदारों की सलाह पर सोनीपत गई थीं। उन्हें वहां पैकेजिंग के काम में ठीक-ठाक कमाई होने की जानकारी मिली थी। वह परिवार की आर्थिक मदद के लिए नौकरी करना चाहती थीं।

वहीं, राधा उत्तर प्रदेश के एक गांव की रहने वाली हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी शादी साल 2016 में सुनील कुमार से हुई थी और उनका एक बेटा भी है। पारिवारिक विवाद के बाद वह पति से अलग होकर अपने मायके लौट आई थीं। बाद में रोजगार की तलाश में वह घर से बाहर निकलीं। सोनीपत में ही राधा और बबीता की मुलाकात हुई थी और दोनों दोस्त बन गए थे।

सोनीपत में करती थीं नौकरी

रिपोर्ट में बताया गया है कि राधा और बबीता हरियाणा के सोनीपत क्षेत्र में रहती थीं और काम करके अपने परिवारों की मदद कर रही थीं। बबीता के गांव के प्रधान के मुताबिक, वह नौकरी के लिए ही घर से बाहर गई थीं। उनके परिवार और गांव के लोगों को गिरफ्तारी की खबर से हैरानी हुई। राधा के गांव के पूर्व प्रधान ने भी बताया कि उनके परिवार का कहना है कि उन्हें मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है।

कैसे सामने आया कथित हथियार सप्लाई नेटवर्क?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, राधा की मुलाकात कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुनाल से हुई थी। पुलिस का आरोप है कि कुनाल ने राधा को हथियार मुंबई ले जाने और वहां एक युवक को सौंपने के लिए राजी किया। इसके बदले दोनों महिलाओं को 12-12 हजार रुपये देने का वादा किए जाने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है। पुलिस के मुताबिक, राधा ने अपनी दोस्त बबीता को भी इस काम में शामिल किया। इसके बाद 15 अक्टूबर को दोनों दिल्ली से ट्रेन के जरिए मुंबई रवाना हुईं। वे 17 अक्टूबर को मुंबई के दादर पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। पुलिस का आरोप है कि वहां एक नाबालिग लड़के ने राधा से बैग लिया, जिसमें कथित तौर पर पिस्तौल थी। इसके अगले दिन, 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिलाओं द्वारा सौंपा गया हथियार इसी घटना में इस्तेमाल हुआ था या नहीं।

और पढ़ें: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार और आमिर भी थे निशाने पर, खुलासा होने पर हिला बॉलीवुड

गिरफ्तारी के बाद क्या हुआ?

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 20 अक्टूबर को राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। इसी मामले में कुनाल और सुमित नाम के दो अन्य लोगों को हरियाणा के सोनीपत से पकड़ा गया। इससे पहले फायरिंग के मामले में तीन कथित हमलावरों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब कथित हथियार सप्लाई नेटवर्क, आरोपियों के आपसी संपर्क और फायरिंग की साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

और पढ़ें: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 'लेडी' कनेक्शन? 5 और आरोपी गिरफ्तार, दो महिलाएं भी शामिल