Toxic Vs Hanuman Ansh: बॉक्स ऑफिस पर बड़े बजट की फिल्म की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जबकि कम बजट की एक फिल्म लगातार मजबूत हो रही है। ताजा आंकड़ों ने मुकाबला रोचक बना दिया है।
बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त एक ऐसा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिसने ट्रेड और दर्शकों दोनों का ध्यान खींचा है। एक तरफ करोड़ों के भारी बजट और बड़े स्टार की पैन इंडिया फिल्म 'टॉक्सिक' है, जिसने रिलीज के दिन जबरदस्त शुरुआत की थी। लेकिन शुरुआती उछाल के बाद इसकी कमाई लगातार नीचे आई है। दूसरी ओर बेहद छोटे बजट और बिना बड़े सितारों वाली फिल्म 'हनुमान अंश' ने धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत की है। अब ताजा डे-वाइज आंकड़ों में दोनों फिल्मों के बीच एक दिन की कमाई का अंतर भी साफ नजर आ रहा है। यही वजह है कि बॉक्स ऑफिस पर इस समय बड़े बजट बनाम दर्शकों की पसंद की बहस तेज हो गई है।
‘टॉक्सिक’ का 8वें दिन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कितना रहा?
यश की गैंगस्टर ड्रामा ‘टॉक्सिक’ ने भारत में पहले दिन करीब 101.10 करोड़ रुपए नेट और 120 करोड़ रुपए ग्रॉस की शानदार ओपनिंग की थी। इसके बाद कलेक्शन लगातार कमजोर होता गया। पहले दिन (बुधवार) के बाद गुरुवार को फिल्म ने 37.65 करोड़, शुक्रवार को 27.20 करोड़, शनिवार को 25.15 करोड़ और रविवार को 23 करोड़ रुपए कमाए। सोमवार को कलेक्शन गिरकर 7.45 करोड़ रुपए रहा। मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ 7.85 करोड़, बुधवार को 5.45 करोड़ और आठवें दिन यानी गुरुवार को सिर्फ 4.25 करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ। इसके साथ फिल्म का आठ दिनों का इंडिया नेट कलेक्शन 239.30 करोड़ रुपए, जबकि ग्रॉस 285.70 करोड़ रुपए पहुंच गया।
यह भी पढ़ें : चौथे गुरुवार 'हनुमान अंश' की लंबी छलांग, 100 करोड़ से कितनी दूर?
‘हनुमान अंश’ ने ‘टॉक्सिक’ को कैसे पछाड़ा?
छोटे बजट की स्पिरिचुअल फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने गुरुवार को 11 करोड़ रुपए कमाए। यानी इस दिन इसकी कमाई ‘टॉक्सिक’ के मुकाबले करीब ढाई गुना रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 2 करोड़ रुपए के बजट वाली और बिना बड़े सितारों की फिल्म का यह प्रदर्शन खास माना जा रहा है। फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित है और इसे दर्शकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिल रही है। यह आंकड़ा इस बात की ओर इशारा करता है कि मौजूदा बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ स्टार पावर और बड़ा बजट ही सफलता की गारंटी नहीं है।
‘टॉक्सिक’ की कहानी और स्टारकास्ट में क्या खास है?
लगभग 500 करोड़ के भारी भरकम बजट में बनी ‘टॉक्सिक’ का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म अपने इंटिमेट सीन्स और महिलाओं को लेकर कुछ दृश्यों व संवादों के कारण भी चर्चा में रही। इसे सीबीएफसी ने बिना कट के ए सर्टिफिकेट दिया था।
यह भी पढ़ें : Hanuman Ansh Star Cast Fees: 1.8 करोड़ में बनी 'हनुमान अंश' के लिए किसे कितनी फीस मिली?
‘टॉक्सिक’ का इंग्लिश वर्जन कब आएगा?
फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के मुताबिक, इसका इंग्लिश वर्जन 4 सितंबर 2026 को चुनिंदा भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगा। यह भारतीय भाषा वाले वर्जन की तुलना में छोटा कट होगा। मेकर्स ने लिखा, “‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’, इंग्लिश में—उन भाषाओं में से एक जिसमें फिल्म लिखी और शूट की गई थी। भारतीय भाषा वाले वर्जन से छोटा कट। 4 सितंबर 2026 से सिनेमाघरों में।”
