Yash Toxic Hyderabad event accident: हैदराबाद में यश की फिल्म 'टॉक्सिक' के इवेंट में साउंड सिस्टम का हिस्सा गिरने से 4 छात्र घायल हो गए। यह घटना खराब क्राउड मैनेजमेंट को दर्शाती है। जानें पूरा मामला।
साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ इन दिनों रिलीज से पहले लगातार सुर्खियों में है। लेकिन हैदराबाद में फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने वहां मौजूद फैंस और छात्रों की चिंता बढ़ा दी। मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में आयोजित इस इवेंट में भारी भीड़ के बीच साउंड सिस्टम का एक बड़ा हिस्सा गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 4 छात्र घायल हो गए।
भाषण के बीच अचानक मचा हड़कंप
रिपोर्ट के मुताबिक, यश स्टेज पर मौजूद थे और बड़ी संख्या में जुटे छात्रों और फैंस को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान साउंड बॉक्स और इक्विपमेंट का एक हिस्सा भीड़ की तरफ गिर गया। अचानक हुए इस हादसे से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यश ने जैसे ही भीड़ में हलचल देखी, उन्होंने अपना भाषण तुरंत रोक दिया और आयोजकों व सिक्योरिटी टीम से घायलों की स्थिति देखने को कहा। एक्टर ने मंच से यह भी पूछा कि क्या सभी लोग सुरक्षित हैं।
और पढ़ें - गोविंदा का कड़ा पब्लिक नोटिस, ₹100 करोड़ के मुकदमे की चेतावनी, जानें पूरा मामला
दो छात्रों के घायल होने की खबर
इस हादसे में दो छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्यक्रम में मौजूद कुछ छात्र बेहतर तरीके से यश को देखने के लिए साउंड सिस्टम और दूसरे स्ट्रक्चर के ऊपर भी चढ़ गए थे, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई। यश ने भीड़ में कुछ छात्रों को इस तरह स्ट्रक्चर पर चढ़ते देखा तो उन्हें नीचे उतरने के लिए कहा। उन्होंने फैंस से अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की और यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि स्थिति नियंत्रण में है।
हजारों की संख्या में पहुंचे थे फैंस
यश को देखने और ‘टॉक्सिक’ के प्रमोशनल इवेंट का हिस्सा बनने के लिए मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या में छात्र और फैंस पहुंचे थे। भारी भीड़ के कारण कार्यक्रम में क्राउड कंट्रोल और सेफ्टी को लेकर सवाल भी खड़े हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने भी छात्रों से पीछे हटने और ज्यादा भीड़ न करने की अपील की थी। फिल्मी सितारों के बड़े इवेंट्स में फैंस का जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर ऐसे आयोजनों में मजबूत सिक्योरिटी और बेहतर क्राउड मैनेजमेंट की जरूरत को सामने ला दिया है।
और पढ़ें - ‘टॉक्सिक’ एडवांस बुकिंग ने मचाया तूफान, 32 घंटे में रचा बड़ा बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
यश की ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म को सीबीएफसी से ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला है और यह 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘केजीएफ चैप्टर 2’ के बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी को लेकर फैंस में जबरदस्त एक्साइटमेंट है। ऐसे में रिलीज से ठीक पहले हुए इस हादसे ने ‘टॉक्सिक’ के प्रमोशनल इवेंट को जरूर चर्चा में ला दिया है।
