कन्नड़ सुपरस्टार यश की अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ की फाइनल रिलीज डेट सामने आ गई है। रविवार को फादर्स डे के मौके पर यश ने खुद सोशल मीडिया पर इसका ऐलान कर दिया है।
केजीएफ स्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ आखिरकार नई रिलीज डेट के साथ तैयार है। पिछले कई महीनों से फिल्म की रिलीज को लेकर लगातार बदलाव हो रहे थे, जिससे फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ती जा रही थी। रविवार को फादर्स डे के मौके पर अब निर्माताओं ने इस फिल्म की नई रिलीज डेट का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है। यह खबर यश के उन फैन्स के लिए जाहिरतौर पर राहत भरी होगी, जो लगातार इसकी रिलीज का इंतज़ार कर रहे हैं।

कब रिलीज होगी यश की फिल्म 'टॉक्सिक'?
फिल्म के निर्माताओं ने नए पोस्टर के साथ ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट का ऐलान किया है। अब यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लंबे इंतजार के बाद आई इस घोषणा ने यश के फैंस के एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। यश ने भी फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान करते हुए अपने फैन्स के नाम खास संदेश जारी किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है, "अपने पिता का सम्मान करो... #टॉक्सिक अब 26-08-2026 से दुनियाभर के सिनेमाघरों में।” इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई और फैंस ने रिलीज डेट को लेकर उत्साह जताना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें : प्रेग्नेंसी की ख़बरों के बीच सामंथा की Maa Inti Bangaaram का धमाका, 2 दिन में निकाली आधी लागत!
क्यों टलती रही 'टॉक्सिक' की रिलीज?
फिल्म की रिलीज यात्रा काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। दिसंबर 2025 में निर्माताओं ने 19 मार्च 2026 को रिलीज डेट घोषित की थी। उसी दिन रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ भी रिलीज होने वाली थी, जिससे बड़े बॉक्स ऑफिस क्लैश की संभावना बन गई थी। हालांकि बाद में मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और क्षेत्रीय अस्थिरता का असर फिल्म की अंतरराष्ट्रीय रिलीज पर पड़ा। इसके बाद निर्माताओं ने 4 मार्च को घोषणा की कि फिल्म को 19 मार्च से हटाकर 4 जून 2026 कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : प्रेग्नेंट हैं 39 साल की सामंथा रुथ प्रभु? शादी के 6 महीने बाद दिखा बेबी बंप, वायरल हुआ वीडियो
4 जून 2026 की नई तारीख भी बरकरार नहीं रह सकी और फिल्म को एक बार फिर आगे बढ़ाना पड़ा। अब निर्माताओं ने 26 अगस्त 2026 को अंतिम रिलीज डेट के रूप में लॉक कर दिया है। इससे फैंस को उम्मीद है कि अब फिल्म तय समय पर सिनेमाघरों तक पहुंचेगी।
यश की बढ़ी जिम्मेदारी, लेखक और निर्माता भी बने
'टॉक्सिक' में यश लीड एक्टर होने के साथ-साथ लेखक और निर्माता की भूमिका भी निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर गीतू मोहनदास ने किया है। अपनी अलग कहानी कहने की शैली के लिए मशहूर गीतू से दर्शकों को इस प्रोजेक्ट से काफी उम्मीदें हैं। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। यश के साथ इस फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मणी वसंत भी अहम् भूमिका में दिखाई देंगी।
