यश की फिल्म 'Toxic' का टीजर सेक्स से जुड़े सीन्स और डायलॉग्स को लेकर विवादों में है। टीजर की आलोचना पर अब एक्टर बेनेडिक्ट गैरेट का रिएक्शन सामने आया है।
Toxic Teaser Controversy: यश की मोस्टअवेटेड फिल्म 'Toxic' इन दिनों अपने टीजर को लेकर चर्चा में है। कुछ दिन पहले रिलीज हुए 'Toxic Ladies & Ladies' टीजर में फिल्म की प्रमुख महिला किरदारों की पहली झलक दिखाई गई थी। वीडियो में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत नजर आईं। हालांकि, टीजर की चर्चा फिल्म की कहानी से ज्यादा उसमें दिखाए गए कुछ बोल्ड सीन्स और डायलॉग्स को लेकर होने लगी। सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों के मिले-जुले रिएक्शन देखने को मिले।

टीजर के विवाद पर क्या बोले बेनेडिक्ट गैरेट?
फिल्म में काम करने वाले को-एक्टर बेनेडिक्ट गैरेट ने अब इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर Ask Me Anything (AMA) सेशन के दौरान एक यूजर के सवाल का जवाब दिया। यूजर ने पूछा कि लोग 'Toxic Ladies & Ladies' के टीजर को लेकर इतनी आलोचना क्यों कर रहे हैं? इस पर बेनेडिक्ट ने कहा कि उन्हें इसकी वजह समझ नहीं आती। उनके अनुसार, ऐसा लगता है कि कई लोगों को हिंसा की तुलना में सेक्स से जुड़ा कंटेंट अधिक परेशान करता है।
टीजर में क्या आखिर ऐसा क्या?
टीजर में फिल्म की महिला किरदारों को अलग-अलग अंदाज में पेश किया गया है। नयनतारा बाइक चलाती नजर आती हैं, जबकि कियारा आडवाणी के किरदार को एक डांसर के रूप में दिखाने का संकेत मिलता है। वहीं, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी किसी बड़ी योजना का हिस्सा दिखाई देती हैं, हालांकि टीजर में कहानी के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है। वीडियो में यश भी नजर आते हैं। एक सीन में वह महिलाओं से कहते हैं, "Ladies and ladies. क्या आप एक-एक करके आना चाहती हैं या फिर सब एक साथ?" इसके अलावा टीजर में एक वॉइसओवर भी सुनाई देता है, जिसमें पुरुषों से जुड़ा एक द्विअर्थी (double meaning) संवाद इस्तेमाल किया गया है। इसी संवाद और कुछ सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई।

'Toxic' फिल्म के बारे में
'Toxic' एक पीरियड गैंगस्टर फिल्म है, जिसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण और यश ने मिलकर किया है। इस फिल्म में यश डबल रोल कर रहे हैं। उनके साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
कई बार टली रिलीज डेट
फिल्म की आधिकारिक घोषणा साल 2023 में 'Yash 19' के नाम से हुई थी और इसकी शूटिंग 2024 में शुरू हुई। बड़े बजट की इस फिल्म को कन्नड़ और अंग्रेज़ी में एक साथ शूट किया गया है। इसके अलावा इसे हिंदी समेत अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी डब किया जाएगा। शूटिंग 2025 में पूरी होने के बाद भी फिल्म की रिलीज कई बार टली। पहले इसे 10 अप्रैल 2025 को रिलीज किया जाना था, लेकिन शूटिंग पूरी न होने के कारण तारीख बदल दी गई। बाद में 19 मार्च 2026 की नई रिलीज डेट घोषित की गई। इसके बाद पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन की रणनीति को ध्यान में रखते हुए रिलीज को फिर टाल दिया गया। अब 'Toxic' को ओणम के मौके पर 26 अगस्त को रिलीज किया जाएगा।


