रामानंद सागर की 'रामायण' में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी ने इस रोल के पीछे की दिलचस्प कहानी बताई। जानिए कैसे उन्हें यह रोल मिला और कितनी फीस मिली।

एंटरटेनमेंट डेस्क. मनोरंजन जगत में रावण हमेशा कहानियों के अहम् पात्रों में से एक रहा है। फिल्मों और टीवी शो का लगभग हर विलेन कहीं ना कहीं रावण से प्रेरित होता है। और जब बात पर्दे पर रावण का रोल निभाने वाले एक्टर्स की आती है तो जेहन में पहला नाम अरविंद त्रिवेदी का आता है, जिन्होंने रामानंद सागर के मशहूर शो 'रामायण' में दशानन का रोल निभाया था। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पहले अरविंद त्रिवेदी यह किरदार निभाने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने ऑडिशन भी किसी और रोल के लिए दिया था। आइए आपको बताते हैं कि कैसे अरविंद त्रिवेदी को 'रामायण' में लंकेश का रोल मिला और इसके लिए उन्हें कितनी फीस मिली थी...

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जब अरविंद त्रिवेदी ने दिया 'रामायण' के लिए ऑडिशन

अरविंद त्रिवेदी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे 'रामायण' में रावण का रोल निभाएंगे। उनके मुताबिक़, जब रामानंद सागर के शो की कास्टिंग चल रही थी, तब वे भी ऑडिशन देने गए थे। हालांकि, यह ऑडिशन रावण नहीं, बल्कि केवट के रोल के लिए था। अरविंद की मानें तो वे ऑडिशन के दौरान कुछ ही कदम चले थे कि अचानक से रामानंद सागर बोल पड़े कि उन्हें उनका लंकेश मिल गया। वहीं, अरविंद त्रिवेदी ने एक अन्य बातचीत में बताया था कि रावण के रोल के लिए 400 से ज्यादा लोगों ने ऑडिशन दिए थे। लेकिन उन्हें यह रोल मिला और इसने उनकी जिंदगी बना दी। इसी शो की बदौलत उन्हें 250+ हिंदी और गुजराती फिल्मों में काम करने का मौक़ा मिला।

अरविंद त्रिवेदी ने ठुकरा दी थी रावण की भूमिका

बताया जाता है कि शुरुआत में अरविंद त्रिवेदी ने रावण का रोल करने से मना कर दिया था। क्योंकि वे पहले से ही कोई और शो कर रहे थे। बाद में उनके दोस्त और कलीग परेश रावल ने उन्हें समझाया कि ऐसे मौके बार-बार नहीं और यह रोल उन्हें सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी दिला सकता है, तब जाकर वे इस भूमिका को करने के लिए तैयार हुए।

अरविंद त्रिवेदी ने कैसे की थी 'रावण' के रोल के लिए तैयारी

BBC हिंदी को दिए एक इंटरव्यू में अरविंद त्रिवेदी की पोती ने बताया था कि उन्हें रावण के किरदार के लिए तैयार होने में 5 घंटे का वक्त लगता था। शूटिंग के दौरान वे उपवास लगते थे और शूटिंग शुरू करने से पहले बहुत देर तक पूजा करते थे। इतना ही नहीं, वे किरदार में रहते हुए भगवान राम के प्रति कहे गए अपशब्दों के लिए माफी भी मांगते थे। क्योंकि असल लाइफ में अरविंद त्रिवेदी खुद बहुत बड़े राम भक्त थे। 

'रामायण' के लिए अरविंद त्रिवेदी को कितनी फीस मिली थी

रिपोर्ट्स के मुताबिक़, 'रामायण' का निर्माण तकरीबन 7.02 करोड़ रुपए के बजट में हुआ था। इसमें कुल 78 एपिसोड थे। यानी हर एपिसोड पर एवरेज करीब 9 लाख रुपए खर्च होते थे। बात अगर फीस की करें तो अरविंद त्रिवेदी इस शो के तीसरे सबसे महंगे एक्टर थे। उन्हें पूरी रामायण के लिए करीब 30 लाख रुपए मिले थे। दो सबसे महंगे एक्टर क्रमशः राम बनने वाले अरुण गोविल और हनुमान बनने वाला दारा सिंह थे। दोनों की फीस क्रमशः 40 लाख रुपए और 35 लाख रुपए बताई जाती है।

और पढ़ें…

कौन बच्चन फैमिली का वह इकलौता शख्स, जिसे फॉलो करती हैं ऐश्वर्या राय?

तलाक की ख़बरों के बीच इंस्टाग्राम पर लौटीं ऐश्वर्या राय, अमिताभ को लेकर लिखा यह!